छुट्टी पर आया था फौजी- कर दी हत्या

छुट्टी पर आया था फौजी- कर दी हत्या

कौशाम्बी। सेना में सिपाही के रूप में तैनात फौजी तीन दिन पूर्व छुट्टी लेकर अपने घर आया था। आज सुबह के समय उसका शव घर के बाहर से बरामद हुआ। उसके शरीर पर चोटों के निशान हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी पीट-पीट कर हत्या की गई है। पुलिस ने मृतक के ससुर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कौशाम्बी की चरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुर रसूलपुर निवासी संतोष कुमार यादव पुत्र बचई लाल यादव सेना में सिपाही के रूप में तैनात था। वर्तमान में संतोष कुमार की तैनाती अरूणाचल प्रदेश में आसाम बटालियन में लगी हुई थी। बताया जाता है कि संतोष का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी के चलते सरिता देवी अपने मायके में बेटी सारिका और बेटे शैलराज यादव के साथ रह रही थी। संतोष यादव तीन दिन पूर्व छुट्टी लेकर अपने घर आया था।

बताया जाता है कि विगत दिवस की शाम संतोष ने शराब का अधिक सेवन कर लिया था। आज सुबह के समय फौजी संतोष का शव उसके ही घर के बाहर पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोटों के निशान हैं। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्यारों का कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। फौजी की पीट-पीटकर हत्या के पीछे क्या कारण है, इसका भी फिलहाल कुछ पता नहीं चल पाया है।

पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। इस मामले में मृतक संतोष के ससुर सोहनलाल यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

epmty
epmty
Top