महिलाओं की मदद को तत्पर है पुलिस, 10 थानों में हेल्प डेस्क की शुरुआत

महिलाओं की मदद को तत्पर है पुलिस, 10 थानों में हेल्प डेस्क की शुरुआत

महोबा। महिलाओं से संबंधित मामलों में तत्काल सुनवाई के लिए शासन की पहल पर उत्तर प्रदेश में महोबा के सभी दस थानों में शुक्रवार से महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत की गयी।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने यहां बताया कि महिलाओं से संबंधित प्रकरणों पर 24 घण्टे निगरानी के लिए मुख्यालय के महिला थाना समेत सभी दस थानों में महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी किया गया है। इसमें महिला पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी हर समय उपलब्ध रहकर फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण करेंगी। यहां उपलब्ध कराई जाने वाली सभी शिकायतों को तत्काल कम्प्यूटर में दर्ज किया जाएगा। शिकायतकर्ता को शिकायत पावती की रसीद भी दी जाएगी।


उन्होंने बताया कि हेल्प डेस्क में पुलिस आरक्षियों को आठ आठ घंटे की ड्यूटी पर तैनाती दी जाएगी। जो पीड़ित की शिकायत पर की जा रही कार्रवाई की लगातार मानीटरिंग करेंगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला हेल्प डेस्क के शुभारंभ के अवसर पर सभी थानों में कार्यक्रम आयोजित किये गए। सदर कोतवाली में अति आधुनिक सुविधाओं से लैस हेल्प डेस्क की स्थापना के मौके पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।


मुख्य अतिथि रहे जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि शासन महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर नियंत्रण के लिए अति संवेदनशील है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महिला हेल्प डेस्क महिलाओं को न्याय दिलाने में मददगार होगी। नगर पालिका परिषद महोबा की चेयरमेन दिलाशा तिवारी ने फीता काटकर डेस्क का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।

epmty
epmty
Top