फ़िल्म निर्माता को हराकर किन्नर बनी प्रधान

फ़िल्म निर्माता को हराकर किन्नर बनी प्रधान

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मछलीशहर ब्लाॅक के आदर्श ग्राम पंचायत करियांव में आशा किन्नर ने भोजपुरी फिल्म निर्माता को हरा कर ग्राम प्रधान पद पर कब्जा किया।

पंचायत चुनाव में उन्हें सर्वाधिक वोट देकर प्रधान चुना है। इस गांव से भोजपुरी फिल्म निर्माता पिंटू सिंह भी मैदान में थे, लेकिन जनता ने आशा किन्नर को वोट देकर 860 वोट के बड़े अंतर से जीत दिलाई।

आदर्श ग्राम पंचायत करियांव मछलीशहर ब्लाॅक की बड़ी ग्राम पंचायतों में से एक है। यहां प्रधान पद पर कई दिग्गजों ने भाग्य आजमाया था , चुनावी लड़ाई में आशा किन्नर और फिल्म निर्माता पिंटू सिंह के उतरने से माहौल रोचक हो गया था। पिंटू सिंह के समर्थन में कई भोजपुरी कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से वोट देने की अपील की थी, जबकि आशा किन्नर जनता से जुड़कर वोट मांगने में लगी रही। जनता ने आशा किन्नर को अपना भरपूर समर्थन दिया है। उन्हें 1380 वोट प्राप्त हुआ। दूसरे नंबर रहे महेंद्र सिंह को 520, मुकीम को 512, चंदन को 292, रमेश सरोज को 162 और फिल्म निर्माता पिंटू को 90 वोट मिले। आशा वर्ष 2015 के चुनाव में भी मैदान में थीं, लेकिन उन्हें शिकस्त खानी पड़ी थी।

नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान आशा किन्नर ने कहा कि जब गांव का विकास महिला और पुरुष प्रधान नहीं कर सके हैं तो अब वह इस गांव को आदर्श से और आगे ले जाने का प्रयास करेंगी ताकि लोगों में यह विश्वास लगे कि एक किन्नर भी गांव का विकास कर सकती है ।

वार्ता

epmty
epmty
Top