दुष्कर्म में असफल रहने पर की गई थी खो-खो की राष्ट्रीय खिलाड़ी की हत्या

दुष्कर्म में असफल रहने पर की गई थी खो-खो की राष्ट्रीय खिलाड़ी की हत्या

बिजनौर। खो-खो की राष्ट्रीय खिलाड़ी की हत्या दुष्कर्म में असफल रहने पर की गई थी। रेलवे स्टेशन पर काम करने वाले एक पल्लेदार को गिरफ्तार कर पुलिस ने इस बड़े मामले का खुलासा किया है। रेलवे ट्रैक के पास खो-खो खिलाड़ी को अकेला जाता हुआ देखकर पल्लेदार की नियत खराब हो गई थी और उसने दुष्कर्म की नियत से उसे पीछे से पकड़ लिया था। राष्ट्रीय खिलाड़ी के विरोध करने पर पल्लेदार ने रस्सी से गला दबाकर खो-खो खिलाड़ी की हत्या कर दी थी।

पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने पुलिस कार्यालय पर हुई प्रेसवार्ता में इसी माह की 10 सितंबर को हुई खो-खो की राष्ट्रीय खिलाड़ी की हत्या का खुलासा करते हुए बताया है कि आदमपुर का रहने वाला शहजाद उर्फ खादिम नाम का व्यक्ति स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पल्लेदारी का काम करता है। 10 सितंबर को पल्लेदार शहजाद अपने पांच साथियों के साथ काम करने के लिए स्टेशन पर गया हुआ था। दोपहर के समय उसने अपने साथियों के साथ नशा कर लिया और वह घर नहीं लौटा। वह काफी समय तक नशे में टुन्न होकर स्टेशन पर ही बैठा रहा। इसी दौरान खो-खो की राष्ट्रीय खिलाड़ी बबली रेलवे ट्रैक के पास से होते हुए गुजर रही थी।

रेलवे लाइन से राष्ट्रीय खिलाड़ी को अकेला गुजरते देख पल्लेदार की नियत खराब हो गई और वह अकेली पाकर उसके पीछे पहुंचा और दुष्कर्म करने की नियत है उसे दबोच लिया। राष्ट्रीय खिलाड़ी ने जब पल्लेदार का विरोध किया तो उसने रस्सी से उसका गला दबाना शुरू कर दिया। इस दौरान बचने के लिए राष्ट्रीय खिलाड़ी चिल्लाती रही और गिडगिडाती रही, लेकिन पल्लेदार ने गला दबाकर राष्ट्रीय खिलाड़ी को मार डाला। बबली की हत्या के बाद पल्लेदार उसका मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गया।

उसी फोन से पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी की ट्रेसिंग कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि घटना के समय बबली मोबाइल पर अपने किसी परिचित से बात कर रही थी। जैसे ही आरोपी उसके ऊपर झपटा तो वह मदद के लिये चीख पड़ी। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में बबली का मोबाइल वहीं पर गिर गया, लेकिन उस पर बातचीत चालू रही। आरोपी जब दुष्कर्म में असफल रहा तो वह बबली की हत्या कर उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया। बबली के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर स्वॉट टीम ने हत्यारोपी पल्लेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

epmty
epmty
Top