व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन को आईपीएस अभिषेक ने कहा-'खबरदार'... चूके तो खैर नहीं!

व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन को आईपीएस अभिषेक ने कहा-खबरदार... चूके तो खैर नहीं!

मुजफ्फरनगर। कानून व्यवस्था को संभालने के लिए इन दिनों पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया पर बाज जैसी सतर्क निगाह लगा रखी है। ऐसे में माहौल को शांत रखने और अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए सोशल मीडिया की लगातारी निगरानी की जा रही है। अब एसएसपी अभिषेक यादव ने व्हाट्सएप पर न्यूज, सोशल व अन्य ग्रुप चलाकर खबरों और सूचनाओं का आदान प्रदान करने वाले ग्रुप एडमिन को खबरदार किया है। आईपीएस अभिषेक यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि ग्रुप एडमिन किसी भी प्रकार के गैर सामाजिक पोस्ट को लेकर सतर्क नहीं रहे, या इसकी सूचना सम्बंधित प्लेटफार्म तक पहुंचाने में उनसे चूक हुई तो उनके आचरण को भी गंभीर मानकर गंभीरतम कार्रवाई की जायेगी।

एसएसपी अभिषेक यादव ने रविवार को सोशल मीडिया पर नकारात्मक टिप्पणी, असामाजिक पोस्ट और किसी भी प्रकार की विवादित सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने जारी की गयी इस आवश्यक सूचना में सभी व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन के लिए कहा कि यदि ये पाया जाता है कि आपके द्वारा सोशल मीडिया के अन्तर्गत व्हाट्सएप प्लेटफार्म पर बनाये गये ग्रुप में किसी प्रकार की भ्रांति फैलाने वाली, भड़काऊ, उकसाने वाली, अराजकता फैलाने वाली पोस्ट डाली गई या ऐसी किसी भी सामग्री को अपने ग्रुप पर शेयर तथा फारवर्ड करने के साथ ही ऐसी किसी भी टिप्पणी, पोस्ट या सामग्री किसी अन्य के द्वारा डाले जाने के लिए आपके द्वारा पुलिस को तत्काल सूचित नही किया गया तो इस सम्बंध में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया एवं समस्त विधिक एवं विभागीय कार्यवाही ग्रुप एडमिन के विरुद्ध भी अमल में लायी जाएगी।

बता दें कि अयोध्या के राम मंदिर विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट से फैसला आने से पूर्व ही उत्तर प्रदेश में सोशल मीडिया पर निगरानी शुरू करते हुए किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने के लिए विवादित पोस्ट डालने पर पुलिस विभाग ने चेतावनी जारी कर दी थी। इसका असर भी सामने आया और सोशल मीडिया पर कोई भी भड़काऊ सामग्री न होने से कानून व्यवस्था सुचारू रही। अब 20 दिसम्बर की हिंसा के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है, एसएसपी अभिषेक यादव की यह चेतावनी भी इसी सतर्कता का एक हिस्सा है।

epmty
epmty
Top