भाजपा विधायक लापता- क्षेत्रवासियों ने लगाए पोस्टर- मची ढूंढ

भाजपा विधायक लापता- क्षेत्रवासियों ने लगाए पोस्टर- मची ढूंढ

गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी का गढ़ कहे जाने वाले गोरखपुर जनपद में बाढ़ की त्रासदी झेल रहे लोगों को मदद के लिये भाजपा के नेता ढूंढने से भी नहीं मिल रहे हैं। सांसद कमलेश पासवान और सहजनवा के विधायक शीतल पांडे को क्षेत्रवासियों द्वारा खदेड़े जाने के बाद नाराज हुए लोगों ने अब चोरी चोरा विधायक के लापता होने के पोस्टर इलाके में चस्पा कर दिए हैं।

भारतीय जनता पार्टी का गढ़ कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद में लोग बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हैं। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भाजपा नेताओं के समय पर न पहुंचने से लोगों के बीच भाजपा नेताओं के प्रति गुस्सा फूटने लगा है। बांसगांव से भाजपा के सांसद कमलेश पासवान और सहजनवा के विधायक शीतल पांडे को क्षेत्र से खदेड़ने के बाद चोरी चोरा विधायक की कार्यशैली से नाराज हुए लोगों ने एमएलए संगीता यादव के लापता होने के पोस्टर इलाके में चस्पा कर दिए हैं। देखते ही देखते लापता हुई विधायक के यह पोस्टर तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसके साथ ही शहर के कूड़ाघाट नंदानगर के प्रेम नगर के रहने वाले लोग इलाके में स्थानीय सांसद और विधायक के स्वागत के इंतजार में तैयार बैठे हैं।

चस्पा किये गये पोस्टरों में लिखा गया है कि हम सबको बाढ़ में डूबता हुआ छोड़कर हमारी विधायक संगीता यादव लापता हैं। उधर पोस्टर चस्पा होने की जानकारी मिलने पर विधायक के समर्थक इलाके में घूम-घूम कर नागरिकों द्वारा लगाए गए पोस्टर फाड़ रहे हैं। चोरी चोरा विधायक संगीता यादव ने उनके लापता होने को लेकर पोस्टर चिपकाने को विपक्ष की साजिश और गंदी राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार में जितना विकास हुआ है उतना किसी भी अन्य सरकार के कार्यकाल में नहीं हुआ है।



epmty
epmty
Top