सरकार द्वारा बेटी के पैदा होने से लेकर विवाह तक विभिन्न योजनाए संचालित है- खन्ना

सरकार द्वारा बेटी के पैदा होने से लेकर विवाह तक विभिन्न योजनाए संचालित है- खन्ना
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने आज कलेक्ट्रेट स्थित ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम सभागार में मिशन शक्ति 2020 का शुभारम्भ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आज महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा सशक्तीकरण व सम्मान हेतु शारदीय नवरात्र से वासंतिक नवरात्र के मध्य "17 अक्टूबर 2020 से अप्रैल 2021 के मध्य" महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए एक विशेष अभियान 180 दिन का चलाया जायेगा। इस विशेष अभियान का नाम 'मिशन शक्ति' होगा।

प्रथम चरण में यह अभियान शारदीय नवरात्र में दिनांक 17 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2020 तक की अवधि में चलाया जायेगा। किन्तु इसके उपरान्त भी यह विशेष अभियान अनवरत जारी रहेगा, जिसका अन्तिम रूप में समापन अप्रैल 2021 में होगा। अभियान के संचालन के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन तथा महिला अपराध व बाल अपराध के सम्बन्ध में जागरूकता पैदा करने हेतु प्रत्येक माह एक सप्ताह के विशिष्ट कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेगें। विशेष अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्म निर्भर बनने का प्रशिक्षण, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूकता प्रदान किये जाने की कार्य योजना है। जिसके सम्बन्ध में थानों, दुर्गापूजा के पण्डालों, ध्वनि संदेश के माध्यम से जागरूकता उत्पन्न किये जाने सम्बन्धी कार्यक्रम किये जायेगें। विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न स्तरों पर शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिये चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं में लाभार्थियों का चयन एवं प्रशिक्षण के कार्यक्रम कराये जायेगें।


मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा बेटी के पैदा होने से लेकर विवाह तक विभिन्न योजनाए संचालित है। उन्होने कहा कि जिस प्रकार से लडका पैदा होने पर खुशी मनायी जाती है उसी प्रकार लडकी के पैदा होने पर खुशी मनानी चाहिए। इस अवसर पर मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के 05, विधवा पेंशन योजना के 05, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के 02 लाभार्थियों, स्वीकृति प्रदान किये गये बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओ अभियान के 05 महिलाओं को बेबी किट का वितरण किया गया, तथा 05 हाईस्कूल एवं 05 इण्टरमीडिएट की परीक्षा में विशेष योग्यता प्राप्त छात्राओं को चेक व प्रशस्ति पत्र भी वितरित किये गये। उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजिविका मिशन के अन्तर्गत सरस्वती महिला स्वयं सहायता समूह, व ज्योति महिला स्वयं सहायता समूह को प्रत्येक सहायता समूह को एक लाख दस हजार रूपये की धनराशि सामुदायिक निवेश निधि के रूप मे दी गयी। इस अवसर पर मंत्री ने जनता में जागरूकता पैदा करने हेतु एल0ई0डी0 वैन संचालन हेतु फ्लैग आफ किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने महिलाओं तथा बालिकाओं के सम्बन्ध में आगामी कार्यक्रम के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत जनपद लखनऊ में तहसील दिवस के तर्ज पर महिला दिवस का आयोजन जनपद के समस्त तहसीलों व विकास खण्डों में किया जायेगा। जिसमें महिलाओं एवं बालिकाओं से सम्बन्धित समस्त समस्याओं को सुना जायेगा। उन्होने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन, प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना, 14 नवम्बर से 20 नवम्बर तक बाल व महिला अधिकार मानसिक स्वास्थ्य व मनोसामाजिक परामर्श, 10 दिसम्बर से 16 दिसम्बर तक महिलाओं तथा बच्चों की तस्करी, बल पूर्वक भिक्षा व बाल- श्रम, 24 जनवरी से 30 जनवरी 2021 तक कन्या भ्रूण हत्या, 14 फरवरी से 20 फरवरी 2021 तक यौन अपराध, किशोरावस्था में किशोर- किशोरियों को समर्थन, 8 मार्च से 15 मार्च 2021 तक घरेलू हिंसा तथा सुरक्षित यात्रा सप्ताह मनाया जायेगा।

उक्त अवसर पर हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं अलीशा अंसारी, अंकिता मिश्रा, अपूर्वा शुक्ला, सलोनी सिंह व अंजली वर्मा एवं इंटरमीडिएट की मेधावी छात्राओं जागृति गुप्ता, अस्मा अंसारी, बलजीत कौर, अरुणिमा श्रीवास्तव व आकांक्षा निगम को चेक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी, मनीष बंसल, अपर जिलाधिकारी, जिला महिला कल्याण अधिकारी वर्तिका शुक्ला सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित थे।

epmty
epmty
Top