सांसद संजय सिंह का पत्नी अमिता सिंह सहित कांग्रेस से इस्तीफा, कल ज्वाइन करेंगे भाजपा

सांसद संजय सिंह का पत्नी अमिता सिंह सहित कांग्रेस से इस्तीफा, कल ज्वाइन करेंगे भाजपा
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
  • Story Tags

नई दिल्ली। यूपी में कांग्रेस का बडा चेहरा माने जाने वाले नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अपनी राज्य सभा की सदस्यता और पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनकी कांग्रेसी पत्नी अमिता सिंह ने भी पति संजय सिंह के नक्शेकदम पर चलते हुए कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह अमेठी से भाजपा की विधायक हैं। संजय सिंह ने कांग्रेस पर संवादहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि वे कल भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

अमेठी के राज परिवार से आने वाले व गांधी परिवार के बेहद करीबी माने जाने वाले सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस को जोर का झटका धीरे से देकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने असम से अपनी राज्यसभा सदस्यता भी त्याग दी है। संजय सिंह ने कहा कि वह कल बिना शर्त बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में 15-20 वर्षों से संवादहीनता की स्थिति से आजिज आ चुके हैं।

बता दें कि संजय सिंह इस बार सुल्तानपुर से लोकसभा चुनाव लड़े थे, जहां उन्हें बीजेपी की मेनका गांधी ने हरा दिया था। कांग्रेस के असम से राज्यसभा सांसद संजय सिंह की अगले साल सदस्यता खत्म होने वाली थी। संजय सिंह कई बार यूपी में विधायक और राज्यसभा और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। इतना ही नहीं वे यूपी में मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। गांधी परिवार के बेहद नजदीकी माने जाने वाले संजय सिंह इससे पहले भी बीजेपी और जनता दल का दामन भी थाम चुके हैं।

कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस अभी भी अतीत में है और भविष्य से अंजान है। उन्होंने कहा कि आज देश पीएम मोदी के साथ है और अगर देश उनके साथ है, तो मैं उनके साथ हूं। उन्होंने कहा कि मैं कल भाजपा में शामिल हो जाऊंगा। मैंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, साथ ही राज्यसभा की अपनी सदस्यता भी दे दी है।

epmty
epmty
Top