डीजल पेट्रोल के महंगे होते दाम-एमएलए हुए तांगे पर सवार-पहुंचे विधानसभा

डीजल पेट्रोल के महंगे होते दाम-एमएलए हुए तांगे पर सवार-पहुंचे विधानसभा

नई दिल्ली। डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतें जहां आम जनमानस को बुरी तरह से परेशान कर रही है। वही राजनैतिक दल भी अब डीजल पेट्रोल के बढ़ते दामों को लेकर सड़कों पर उतर पड़े हैं। भाजपा शासित राज्य कर्नाटक में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता और राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष अन्य विधायकों के साथ तांगों में बैठकर विधानसभा में पहुंचे।

शुक्रवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु की सड़कों पर लोगों को एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। देश में रोजाना बढ़ रही डीजल-पेट्रोल की कीमतों पर अपना रोष जताते हुए कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार अपनी पार्टी के अन्य विधायकों के साथ तांगों पर बैठकर बेंगलुरु विधानसभा में पहुंचे। महंगाई के विरोध में निकाली गई कांग्रेस की इस तांगा यात्रा में नेताओं को तांगों के ऊपर बैठे हुए देखा गया है। तांगे में बैठे कांग्रेसी विधायकों व कार्यकर्ताओं के हाथों में डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दामों के खिलाफ विभिन्न नारे लिखे हुए पोस्टर थे। कुछ दिनों पहले भी कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और देश में आवश्यक चीजों के बढ़ते दामों के खिलाफ सड़क पर उतरते हुए प्रदर्शन किया था। मानसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस विधायक बैलगाड़ी में सवार होकर उस समय विधानसभा पहुंचे थे। गौरतलब है कि कई दिन की राहत के बाद शुक्रवार को एक बार फिर से देश की पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा डीजल व पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी की गई है। उम्मीद लगाई जा रही है कि अब कई दिनों तक डीजल पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी होने का सिलसिला देखने को मिलेगा।

epmty
epmty
Top