अजब गजब- दहेज ना मिलने पर लडकी वालों ने लौटाई बारात

अजब गजब- दहेज ना मिलने पर लडकी वालों ने लौटाई बारात

मिर्जापुर। दहेज न मिलने पर दूल्हा पक्ष द्वारा शादी तोड़ने की बात अकसर सुनी जाती हैं लेकिन उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में दहेज में तय रकम न मिलने पर कन्या पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया।

दूल्हे को लौटना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता करा दिया। यह अजीबो गरीब मामला तो है ही वहीं गरीबी में लड़की को एक तरह से बेचने का मामला भी है। इस मामले में दलाल दहेज की रकम लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने आज यहां कहा कि मडिहान इलाके के एक गांव लड़की की शादी मथुरा जिले में तय हुई थी। मंगलवार को मथुरा से वर पक्ष के लोग शादी करने के लिए यहां आये थे। शादी राजगढ़ के गरदा बाबा मंदिर पर होनी थी।

पुलिस ने बताया कि लड़की पक्ष को शादी के एवज में एक लाख रुपये देने थे। वर पक्ष ने पैसे दे भी दिए थे। पर वह पैसा लड़की के घर वालों को न देकर दलाल को दिए थे। वह पैसे लेकर फरार हो गया। लिहाजा तय रकम न मिलने पर कन्या पंक्ष के लोगों ने शादी से इंकार कर दिया।

पुलिस ने बताया कि दोनों ओर के लोगो ने आपस में समझौता कर लिया है। मथुरा से आये लोग वापस चले गए।

इन दिनों क्षेत्र में गरीब एवं कम पढ़े लिखे तबके में पैसे पर अन्य जिलों में शादी कराने वाले दलाल सक्रिय हैं। मजबूर मां बाप अपनी लड़की को एक तरह से बेच रहे हैं।


वार्ता






epmty
epmty
Top