मुंबई प्लेऑफ के लिए औऱ पंजाब उम्मीदों के लिए उतरेगा

मुंबई प्लेऑफ के लिए औऱ पंजाब उम्मीदों के लिए उतरेगा

दुबई। लगातार पांच जीत हासिल कर चुकी गत चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम रविवार को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ होने वाले मुकाबले में आईपीएल प्लेऑफ के लिए अपनी दावेदारी पुख्ता करने उतरेगी जबकि पंजाब का लक्ष्य अपनी उम्मीदों को बनाए रखना होगा।

मुंबई ने पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत हासिल की थी जबकि पंजाब को करो या मरो के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों आठ विकेट से जीत मिली थी।

मुंबई आठ मैचों में छह जीत, दो हार के साथ 12 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर है जबकि पंजाब की टीम के आठ मैचों में दो जीत, छह हार के साथ चार है और वह अंक तालिका में सबसे नीचे आठवें स्थान पर मौजूद है।

मुंबई अगर पंजाब के खिलाफ जीत हासिल कर लेता है तो उसका अंतिम चार में पहुंचना लगभग पक्का हो जाएगा जबकि पंजाब के लिए अब एक भी हार उसका प्लेऑफ में पहुंचने का सपना तोड़ सकती है। पंजाब के छह मैच शेष हैं और उसे अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए सभी मैच जीतने होंगे।

मुंबई ने कोलकाता के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया था और बल्ले तथा गेंद दोनों ही विभाग में कोलकाता को परास्त किया था। मुंबई को पंजाब के खिलाफ अपनी यह लय बरकरार रखनी होगी क्योंकि पंजाब के बल्लेबाजी क्रम ने पिछले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन किया था।

पंजाब के लिए क्विंटन डी कॉक, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, कीरोन पोलार्ड और हार्दिक पांड्या को रोकना कड़ी चुनौती होगी जो अपने फॉर्म में हैं और लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। पंजाब के गेंदबाजों को मुंबई को सस्ते में रोकना होगा जिससे उसके बल्लेबाजों पर ज्यादा दबाव नहीं बने।

मुंबई के गेंदबाजों को भी पंजाब के बल्लेबाजों को बड़ी साझेदारी करने से रोकना होगा। पंजाब की ओर से कप्तान लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल पर टीम को एक बार फिर मजबूत शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। मुंबई को विस्फोटक क्रिस गेल को रोकना होगा जिन्होंने बेंगलुरु के खिलाफ इस सत्र के पहले ही मुकाबले में 53 रन की पारी खेली थी।

पंजाब को हालांकि गेंदबाजी में थोड़े सुधार की जरुरत है। मुंबई के बल्लेबाजी आक्रमण को देखते हुए पंजाब के गेंदबाजों को सधी हुई गेंदबाजी करनी होगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच इस सत्र में एक मुकाबला खेला गया था जहां मुंबई ने पंजाब को 48 रन से रौंदा था। पंजाब के पास इस मुकाबले में जीत हासिल कर पिछली हार का बदला चुकता करने का मौका रहेगा।

epmty
epmty
Top