फिट रहने में काफी मदद करती है दौड़: चिराग शेट्टी

फिट रहने में काफी मदद करती है दौड़: चिराग शेट्टी

मुंबई। अर्जुन अवार्डी बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी ने कहा है कि दौड़ फिट रहने में काफी मदद करती है और लोगों को इसे अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाना चाहिए।

युगल बैडमिंटन स्टार चिराग शेट्टी ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) मुंबई द्वारा आयोजित फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम में दौड़ने के फायदों के बारे में बताया। साई के मुंबई क्षेत्रीय केंद्र ने शुक्रवार को शेट्टी के साथ ऑनलाइन बातचीत का आयोजन किया। शेट्टी को पिछले महीने 29 अगस्त वर्चुअल माध्‍यम से आयोजित राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कार समारोह में में अर्जुन पुरस्‍कार से नवाजा गया था। उन्‍होंने इन दिनों जारी फिट इंडिया फ्रीडम रन के महत्व पर बातचीत की।

खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित यह सबसे बड़ी देशव्यापी दौड़ है जिसे 14 अगस्त को केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने लॉन्च किया था। यह दौड़ कार्यक्रम दो अक्टूबर तक जारी रहेगी। इसमें सभी क्षेत्रों के खिलाड़ी और गैर-खिलाड़ी लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।

चिराग ने कहा, "मुझे लगता है कि यह न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक फायदे के लिए भी एक जबरदस्‍त पहल है। आम जनता को इसमें बढ़-चढ़कर भाग भाग लेना चाहिए और इसे सफल बनाना चाहिए। दौड़ आपको फिट रहने में काफी मदद करती है।"

बैडमिंटन खिलाड़ी ने यह भी कहा कि दौड़ के साथ जुड़ी कुछ पूर्व धारणाओं को बदलना चाहिए। चिराग ने कहा, "लोगों को लगता है कि दौड़ने के बाद वे थक जाएंगे लेकिन दौड़ने के बाद मुझे हमेशा महसूस होता है कि घर आने के बाद वास्तव में कायाकल्प हो गया है। एक सामान्‍य व्यक्ति के लिए भी यह आवश्‍यक है क्‍योंकि इससे उन्‍हें अपने कार्यस्थल पर अतिरिक्‍त ऊर्जा महसूस होती है। इससे आपको शारीरिक शक्ति के साथ-साथ मानसिक शांति भी मिलती है।"

वर्ष 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता शेट्टी ने कहा, "महान व्यक्तित्व आपको केवल कुछ हद तक दौड़ने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। लेकिन इसे भीतर से आना होगा। आपको दौड़ने के कुछ दिनों के बाद ही अंदर से मिलने वाली खुशी का अहसास होगा। साथ ही दौड़ने के अलावा आपको उचित पोषण भी लेना चाहिए।" राज वार्ता

epmty
epmty
Top