जहां किसानों का पसीना गिरेगा, कांग्रेस लहू गिरायेगीः अजय लल्लू

जहां किसानों का पसीना गिरेगा, कांग्रेस लहू गिरायेगीः अजय लल्लू

मेरठ। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि जहां-जहां किसानों का पसीना गिरेगा, वहां-वहां प्रियंका गांधी के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ता अपना लहू गिरा देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तब तक चुप नहीं बैठेगी, जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं हो जाती।


मेरठ के गांव कैली में आयोजित किसान महापंचायत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि किसानों ने जो आंदोलन शुरू किया है, वह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की मांगें नहीं मानी जायेगी, तब तक किसान विरोध दर्ज कराता रहेगा। उन्होंने कहा कि धरती के भगवान अन्नदाताओं की लड़ाई लड़ने के लिए ही प्रियंका गांधी किसान महापंचायत में आई हैं। उन्होंने कहा कि जहां-जहां किसानों का पसीना गिरेगा, प्रियंका गांधी के आदेश पर कांग्रेस का कार्यकर्ता वहां अपना लहू गिराने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि यह गन्ना बहुल क्षेत्र है। यदि बेटी की शादी करना है, तो गन्ना बेचकर ही पैसा मिलता है। यदि बेटे को पढ़ाना है, तो उसकी फीस भी इसी गन्ने को बेचकर मिलता है। सरकार ने 14 दिनों में किसानों के भुगतान का वायदा किया था, लेकिन आज 15 हजार करोड़ रुपये किसानों का बकाया है। किसान कैसे अपनी बिटिया की शादी करेगा। किसान कैसे अपने बच्चों की फीस भरेगा। किसान कैसे परिवार का पालन-पोषण करेगा। सरकार ने ब्याज की बात तो छोड़ दीजिये, मूल तक का भुगतान नहीं किया है, ऐसे में आखिर किसान जाये तो कहां जाये? उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले साल की अपेक्षा इस बार कृषि बजट को कम कर दिया है।

भूमिपुत्रों पर सरकार जुल्म कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 60 रुपये किलो किसानों को आलू का बीज दिया। जब किसान 12 रुपये किलो बाजार में आलू बेच रहा था, तो वहां भी सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया और आलू का मूल्य 7.25 रुपये प्रति किलो निर्धारित कर दिया। हर तरफ से किसानों को निशाना बनाया जा रहा है। आज किसान आत्महत्या कर रहा है और सरकार किसान के भरोसे को तोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पंजाब से किसानों की आवाज को उठाया है और प्रियंका गांधी यूपी में किसानों की आवाज को पुरजोर तरीके से उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की जीत नहीं हो जाती, तब तक कांग्रेस किसानों की लड़ाई लड़ने का कार्य करेगी।

epmty
epmty
Top