सच्चे धर्म में राजनीति नहीं होती- प्रियंका

सच्चे धर्म में राजनीति नहीं होती- प्रियंका

वाराणसी। संत शिरोमणि रविदास जयंती पर शीर गोवर्धन जन्मस्थली पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि संत रविदास ने जो धर्म सिखाया है वही सच्चा धर्म है। सच्चा धर्म सिर्फ धर्म होता है। उसमें किसी प्रकार की राजनीति नहीं होती। आपसी प्रेम, सद्भाव और एक दूसरे की सेवा करने की भावना राजनीति में भी कायम रहनी चाहिए।

शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा संत शिरोमणि रविदास जयंती के मौके पर वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्म स्थली शीर गोवर्धन पहुंची। वाराणसी एयरपोर्ट से लेकर रास्ते पर हजारों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा रहा।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शीर गोवर्धन पहुंचकर सन्त रविदास के दर्शन किये और सत्संग में शामिल हुईं। पिछले साल भी प्रियंका गांधी वाड्रा संत शिरामणि के जन्म स्थान पहुंचकर संत मूर्ति का दर्शन किया था।

इस मौके पर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आज समूचा देश संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती मना रहा हैं। संत रविदास की जन्मस्थली आकर मन को बहुत शांति मिली है। संत निरंजन दास जी महाराज से मेरा दिल से लगाव है और आज यहां आपके सामने खड़े होकर मैं सिर्फ दो बातें कहना चाहती हूं कि संत रविदास जी ने जो धर्म सिखाया- वह सच्चा धर्म था, उस धर्म को धारण करते हुए आप जो निभाते हैं, वह एक सरल धर्म है। क्योंकि सच्चा धर्म हमेशा सरल धर्म होता है, उसमें कोई राजनीति नहीं होती, कोई भेदभाव नहीं होता, किसी का संप्रदाय नहीं देखा जाता, जाति नहीं देखी जाती। सिर्फ इन्सानियत देखी जाती है। जब आप दिल में उस धर्म को धारण करते हैं तो आपके दिल में, आपके मन में दया का भाव, करुणा का भाव, सच्चाई का भाव और सेवा का भाव जागृत होता है। इसीलिए वह सच्चा धर्म कहलाया जाता है। जो सच्चा धर्म होता है वह कभी बैर नहीं रख सकता, कभी लोगांे को अलग नहीं कर सकता, लोगों को तोड़ नहीं सकता। उसका स्वभाव यही होता है कि आपके मन को शीतल बनाता है, मन में करूणा जगाता है और लोगों को आपस में भाइयों की तरह, बहनों की तरह जोड़ता है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मेरे आने पर उस समय जो वक्ता कह रहे थे कि आप सबका धन्यवाद, यहां आने के लिए। लेकिन मैं आज सबको धन्यवाद देना चाहती हूं क्योंकि आपने इस देश में सच्चा धर्म कायम रखा है और इसके पीछे न कोई राजनीति है और न कोई मकसद है। यह वह धर्म है जो संत रविदास महाराज जी ने सिखाया कि सबकी सेवा होनी चाहिए, सबको अन्न मिलना चाहिए, सबको छत मिलनी चाहिए और रोज-रोज आपका समाज इस धर्म को निभा रहा है। लोगों की मदद कर रहा है। जिसके पास कुछ नहीं है उनको आप मदद करते हैैं आप सेवा करते हैं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैं जानती हूं कि जब पिछले साल कोरोना शुरू हुआ, तब मेरी कोशिश थी कि उत्तर प्रदेश के जो कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं वह भी लोगों की, जनता की सेवा करें। खासतौर से जब लाॅकडाउन हुआ था और तमाम लोग घर के लिए अपने गांव के लिए शहरों से पैदल रवाना हुए। उस समय भी हमारे लोगों ने रसोइयां खोलीं, सेवा की। तब आपका जो समाज है जहां-जहां आपके समाज के लोग थे आपने बहुत मदद की। इसके लिए भी मैं धन्यवाद देना चाहती हूं।

कांग्रेस महासचिव ने आशा जताई कि संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की जो यह ख्वाहिश थी कि आपसी प्रेम व सद्भाव हो और एक दूसरे की सेवा की जाए। यह ख्वाहिश राजनीति में भी कायम रहे। मेरी तरह जो लोग राजनीति में आते हैं, वह इसी सेवा भाव से देश की सेवा करें। आप सब यहां श्रद्धा पूर्वक आए हैं। मैं आपको शुभकामनाएं देती हूं, धन्यवाद देती हूं कि आपने इस देश में यह धर्म कायम रखा और अपने दिल में धारण रखा।

epmty
epmty
Top