झूठ के हथियार से भाजपा कब तक घोटेंगी सच का गला : अखिलेश

झूठ के हथियार से भाजपा कब तक घोटेंगी सच का गला : अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता में विश्वास नहीं है। वह अपनी कुटिल चालों और षड़यंत्रों के जरिए सत्ता पर कब्जा जमाने की तिकड़में करती रही है।




अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा को वोट की चोरी न करने देने के लिए कृत संकल्प है। लोकतंत्र पर भाजपा की काली छाई अब नहीं पड़ सकेगी।

उन्होने कहा कि भाजपा राज में चारों तरफ अराजकता का माहौल है। अपराधों के कारण छात्राओं-महिलाओं का जीवन सांसत में है। नौजवानों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया गया है। विकास कार्य पूरी तरह अवरूद्ध है। किसान अपने हक की निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें सैकड़ों किसान अपनी जान भी गंवा चुके हैं। आज भी उनके हौंसले बुलंद है। भाजपा सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है, इससे खुद भाजपा सांसद और विधायक किरकिरी हो रही हैं।

भाजपा सरकार अब तक गिनाने लायक एक भी योजना बता सकने की स्थिति में नहीं है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे कम समय में पूरी गुणवत्ता से बना जहां युद्धक विमान भी उतर सके। भाजपा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे भी नहीं बना सकी। एम्स की स्थापना हो या मेडिकल कॉलेजों की स्थापना समाजवादी सरकार के कार्यों के मुकाबले भाजपा का काम शून्य रहा है। भाजपा राज में बिजली-पानी सड़क की समस्याएं बिगड़ती गई हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि दिन पर दिन उत्तर प्रदेश के राजनीतिक आर्थिक हालात बिगड़ते जा रहे हैं। तमाम दावों के बावजूद न तो रोजगार की स्थिति में सुधार है और नहीं पूंजी निवेश की खबर है। भाजपा सरकार यह बताने में संकोच क्यों करती है कि उसके शासनकाल में किस क्षेत्र में कहां-कितना रोजगार दिया गया है। अगर रोजगार दिया होता तो लॉकडाउन के दौर में यूपी आए कामगार वापस क्यों चले गए।

उन्होने कहा कि भाजपा झूठ के हथियार से कब तक सच्चाई का गला घोटती रहेगी। विधानसभा के चुनाव सिर पर हैं समाजवादी पार्टी इसमें अपने कामों और जनता के भरोसे पर मैदान में उतरेगी। जनता के दृढ़ निश्चय से ही लोकतंत्र बच सकेगा।

वार्ता

epmty
epmty
Top