अखिलेश यादव ने "नहीं चाहिए एनपीआर, चाहिए हमको रोजगार" का नारा देकर विधायकों को रवाना किया

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
  • Story Tags

लखनऊ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 'नही चाहिए एनपीआर, चाहिए हमको रोजगार' और नागरिकता सत्याग्रह करेंगे, एनपीआर फार्म नहीं भरेंगे, के जोरदार नारों के बीच समाजवादी पार्टी के विधायकों को झंडा दिखाकर विधानसभा के विशेष सत्र के लिए पार्टी आफिस से रवाना किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा किसी को चैन से न बैठने देने का इरादा बनाए हुए है। वह समाज को नफरत की आग में झोंकने का काम कर रही है। सद्भाव और सौहार्द को बिगाड़ने में ही उसकी रूचि है। उन्होने कहा कि सीएए, एनपीआर, एनआरसी ये सब जनता को धोखा देने के लिए है। हमारे नौजवानों को तो रोजगार चाहिए। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को तबाह करने का पाप किया है। हम न तिरंगा का रंग बदलने देंगे, और नहीं एनपीआर फार्म भरेंगे। इसकी जगह नागरिकता-सत्याग्रह का मार्ग अपनाएंगे। भाजपा लाख कोशिशें करके देख ले तिरंगा का रंग नही बदल सकता।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नोटबंदी के बाद बैंकिग सिस्टम को चौपट किया। जीएसटी में फार्मो की भरमार कर व्यापार को चोट पहुचाई। उद्योगधंधे बंद हुए। बेरोजगारी बढ़ी। अर्थव्यवस्था मंदी की शिकार हो गई। पूरी दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा गिरी है। भाजपा सरकार की ठोक देंगे, बदला लेंगे की नीतियों के चलते प्रदेश में निर्दोष नागरिक पुलिसिया जुल्म के शिकार हो रहे है। दफा 144 का दुरूपयोग हो रहा है। इंटरनेट सेवा बंद करना अलोकतांत्रिक है।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सोच और नीतियां संकीर्ण मनोवृृत्ति की है। समाजवादी सरकार में नौजवानों को लैपटॉप बांटे गए, प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। भाजपा ले दे-कर शौचालय पर अटकी हैं इनके जो शौचालय बनाए गए उनमें पानी नहीं इसलिए उनका उपयोग भी नहीं। इन दिनाें भीषण ठण्ड पड़ रही है सरकार ने गरीबों के लिए न तो अलाव जलवाए है आर नहीं पर्याप्त रैन बसेरे बने है। कुछ जगह दिखाने के लिए कम्बल बांटे बाद में उन्हें भी छीन लिया।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियों से लोकतंत्र को खतरा है। लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी सबकी है। हमारी सदियों की संस्कृृति सबके साथ उदार व्यवहार की है भाजपा के कारण उस पर भी ग्रहण लग रहा है। हमारी संस्कृृति दूसरों के दुःखी होने और जरूरतमंद की मदद करने की है। भाजपा की गलत नीतियों के विरूद्ध समाजवादी पार्टी निर्णायक संघर्ष कर रही है। सबका विकास भाजपा की समझ से बाहर है।


अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है। भाजपा ने सबको भ्रमित कर अंधेरी सुरंग में फंसा दिया है। जरूरत उत्तर प्रदेश और देश को बचाने की है ताकि विकास के रास्ते पर ले जाया जा सके। उन्होंने कहा कि देश के समक्ष आज जो संकट है उसका निराकरण समाजवादी नीतियों से ही हो सकता है। समाजवादी पार्टी वैचारिक विकल्प है। विकास का रास्ता समाजवादी सरकार में ही सम्भव है।


epmty
epmty
Top