गठबंधन उम्मीदवार का विरोध-जलाया पार्टी का झंडा-किया हंगामा

गठबंधन उम्मीदवार का विरोध-जलाया पार्टी का झंडा-किया हंगामा

मेरठ। समाजवादी पार्टी एवं राष्ट्रीय लोकदल के बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर हुए गठबंधन के तहत घोषित कई उम्मीदवारों को पार्टी कार्यकर्ता चाहकर भी पहचान नहीं पा रहे हैं। जिसके चलते कार्यकर्ताओं की ओर से सिवाल खास विधानसभा सीट पर रालोद की ओर से घोषित किए गए उम्मीदवार का विरोध शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में रालोद मुखिया के आवास पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने असंतोष के स्वर बुलंद करते हुए हंगामा काटा।

उत्तर प्रदेश में 18 वीं विधानसभा के गठन के लिए हो रहे चुनाव के प्रथम चरण की सीटों पर राष्ट्रीय लोकदल एवं समाजवादी पार्टी के गठबंधन की ओर से घोषित किए गए उम्मीदवार कई सीटों पर आफत का कारण बन गए हैं। बागपत जनपद की छपरौली सीट पर घोषित किए गए प्रत्याशी के नाम को लेकर मचे हंगामे के बाद अब सिवाल खास विधानसभा सीट पर भी कार्यकर्ताओं के भीतर असंतोष की हालत पैदा हो गई है। मैदान में उतारे गए पूर्व सपा विधायक गुलाम मोहम्मद का विरोध करते हुए रालोद कार्यकर्ता पार्टी मुखिया के दिल्ली स्थित आवास तक जा पहुंचे। जहां गुस्से में आए कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए पार्टी के झंडे को ही आग लगा दी। रालोद कार्यकर्ता अपने नेता जयंत चौधरी से मांग कर रहे हैं कि सिवाल खास सीट गठबंधन के लिहाज से रालोद के खाते में आनी चाहिए। रालोद कार्यकर्ता डॉ.राजकुमार सांगवान को टिकट देने की मांग कर रहे हैं। कई कार्यकर्ताओं ने डॉ. राजकुमार सांगवान को निर्दलीय चुनाव लड़ने के मैसेज डालने शुरू कर दिए हैं। एक कार्यकर्ता ने लिखा है कि राजकुमार सांगवान बहुत पुराने कार्यकर्ता हैं, अगर इनको सम्मान नहीं मिला तो किसी को सम्मान नहीं।



epmty
epmty
Top