चुनावों की मतगणना में भाजपा आगे, आप ने भी खोला खाता

चुनावों की मतगणना में भाजपा आगे, आप ने भी खोला खाता
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo

गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात की कुल आठ में छह महानगरपालिकाओं अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, जामनगर और भावनगर के 21 फरवरी को हुए चुनाव की मतगणना के दौरान एक बार फिर सत्तारूढ़ भाजपा का दबदबा दिख रहा है।

रुझानों और अब तक आए परिणामों के अनुसार भाजपा सभी छह मनपा में आगे चल रही है और उसके फिर से आसानी से सत्ता में आने की पूरी सम्भावना है। इससे पहले भी इन सभी पर भाजपा का ही क़ब्ज़ा था। दो अन्य मनपा गांधीनगर और जूनागढ़ में चुनाव नहीं हुए हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) ने भी इन चुनावों में अपनी जीत का खाता खोल लिया है। आप पार्टी की सूरत के एक वार्ड में जीत हुई है और एक दर्जन से अधिक पर आगे है। अहमदाबाद में भी कुछ स्थानो पर यह आगे है। सुश्री मायावती की बहुजन समाज पार्टी ने जामनगर में अब तक कम से कम पांच सीटों पर जीत हासिल की है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादउल मुसलमिन (एआइएमआइएम) भी कम से कम तीन मुस्लिम बहुल सीटों पर आगे है।

राज्य की सबसे बड़ी मनपा अहमदाबाद में कुल 48 वार्ड और प्रत्येक में चार सीटों समेत कुल 198 सीटें हैं। अब तक भाजपा इनमे से 78 पर या तो आगे है या जीत चुकी है। मुख्य प्रतिद्वंदी कांग्रेस 22 पर या तो आगे है या जीत चुकी है।

सूरत में 30 वार्ड और 120 सीटें हैं। राजकोट में 18 वार्ड और 72 सीटें, वडोदरा में 19 वार्ड और 76 सीटें हैं। जामनगर में 16 वार्ड और 64 सीटें हैं जबकि भावनगर में 13 वार्ड और 52 सीटें हैं। इन पांचों में भी भाजपा ने ख़ासी बढ़त बना रखी है।

ज्ञातव्य है कि 21 फरवरी को हुए चुनाव में कुल लगभग 1.14 करोड़ में से 45.64 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था। हुआ था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सपरिवार अहमदाबाद के नारणपुरा में वोटिंग की थी।

कुल मिलकर 2276 उम्मीदवार मैदान में थे जिनमे से 577 भाजपा के, 566 मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, 91 राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, 470 आम आदमी पार्टी, 353 अन्य दलों के तथा 228 निर्दलीय हैं। राज्य की सबसे बड़ी महानगरपालिका अहमदाबाद महानगरपालिका की एक सीट पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।

राज्य की कई नगरपालिकाओं, ज़िला पंचायतों और तालुक़ा पंचायतों में 28 फरवरी को मतदान होगा और उसकी मतगणना दो मार्च को होगी।

वार्ता

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
epmty
epmty
Top