प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, जंगलराज कायम- अखिलेश यादव

प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, जंगलराज कायम- अखिलेश यादव

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। रोज हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं । सरकार इसको रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

सपा अध्यक्ष जौनपुर के बक्शा थानांतर्गत ग्राम चकमिर्जापुर पकड़ी के पुजारी यादव की पुलिस हिरासत में मौत पर शोक संवेदना प्रकट करने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे । उन्होंने पुजारी यादव के परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया और राज्य सरकार से 20 लाख रूपए की आर्थिक मदद देने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि मृतक पुजारी यादव को गत 11 फरवरी को लगभग 3 बजे दिन में पुलिस घर आई और पकड़ कर थाने ले गई जबकि उसके खिलाफ किसी भी थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। रात्रि 8 बजे पुनः थाना बक्शा के एसओ आए और घर में घुस कर नकद रुपये, औरतो के गहने व अन्य जरूरी सामान उठाकर ले गए। उन्होंने पुजारी यादव की हिरासत में हुई मौत के लिए प्रदेश सरकार को दोषी ठहराते हुए दोषी पुलिस जनों को तत्काल गिरफ्तार करने की भी मांग की ।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थानों का जितना नुकसान किया है उतना किसी ने नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का सब कुछ झूठा फसाना है, इसका काम नफरत फैलाना है। राजनीतिक लोगों पर मुकदमा लगाना है। लोकतंत्र में इतना झूठ कोई नहीं बोला जितना भाजपा ने बोला है। भाजपा उत्तर प्रदेश की जनता का अपमान कर रही है। इसके कामकाज से समाज का हर वर्ग निराश है। जनता को धोखा दिया गया है। भाजपा सरकार अब जाने वाली है, वह अपनी विदाई को तैयार है।

उन्होंने राज्य विधान सभा में प्रस्तुत बजट को पूर्णतया निराशा जनक और जनहित की घोर उपेक्षा करने वाला बताया । उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चरित्र के अनुसार इसमें जनता को गुमराह करने वाली घोषणाएं की है। राज्य सरकार ने जाते-जाते झूठे वादों की झड़ी लगाई है और किसानों, नौजवानों, महिलाओं तथा व्यापारियों सभी को धोखा दिया है। भाजपा के बजट से गरीबों को नहीं अमीर उद्योगपतियों को और ज्यादा लाभ मिलेगा। बढ़ती मंहगाई पर नियंत्रण का कोई संकेत नहीं है। उन्होने कहा कि यह बजट आम लोगों को धोखा देने वाला है। इसमें गरीब, बेरोजगार और किसानों के लिए कुछ नहीं है, केवल उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया गया है। किसान धरना प्रदर्शन कर रहा है लेकिन सरकार उनकी नहीं सुन रही है। सरकार केवल जाति, धर्म और द्वेष फैलाकर अपनी राजनीति कर रही है। लोगों को मूल मुद्दो से भटकाने के लिए जाति और धर्म के मामलों में उलझा कर रख दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा " भाजपा सरकार ने लोगों के लिए नौकरी, रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं बनायी। लोग बेरोजगार हो घूम रहे हैं। नौकरियां भी लोगों की समाप्त कर दी गयी। ये सरकार जब गंगा माँ की नहीं हुई तो हमारी-आपकी क्या होगी। गंगा साफ नहीं हुई बल्कि गंगा सफाई का बजट साफ हो गया।"

वार्ता

epmty
epmty
Top