अखिलेश का दावा- विधानसभा चुनाव में बनेगी पार्टी की सरकार

अखिलेश का दावा- विधानसभा चुनाव में बनेगी पार्टी की सरकार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज दावा किया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा और सरकार में अंदरूनी कलह चल रहा है। भविष्य की खुशहाली का झूठा दिखाने वाला भाजपा नेतृत्व भी अब समझने लगा है कि अगले विधानसभा चुनाव में उसका सत्ता से बाहर होना तय है और समाजवादी सरकार बनने वाली है। इसलिए हड़बड़ी में डबल इंजन वाले जहां लोकतंत्री व्यवस्थाओं को धता बताते हुए मुख्यमंत्री को ही बनाए रखने का राग अलाप रहे हैं वहीं पार्टी के अंदर उनके विरोध में स्वर उभरने लगे हैं। दो जिम्मेदार मंत्रियों ने कह दिया कि चुनाव बाद केन्द्र तय करेगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा। प्रदेश की राजनीति में यह हास्यास्पद स्थिति है।

सच तो यह है कि प्रदेश में ऐसी सरकार है जिसमें न मंत्रियों की सुनवाई है, नहीं जनता की। लोगों का विश्वास खो चुकी भाजपा अब चलते चलाते घोटालों की कमाई में लग गई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का मुख्यमंत्री का दावा खोखला साबित हुआ है। भाजपा राज में बच्चों के खाने पर डाका डाला गया है। बरेली के 49 परिषदीय विद्यालयों में सरकारी खाते से निकला भोजन छात्रों को मिला ही नहीं।

कानपुर में शादी अनुदान और पारिवारिक लाभ योजना में 6.50 करोड़ रूपए का घपला सामने आया है। लखनऊ में 5500 परमिट नवीनीकरण में वसूले जुर्माने में 15 करोड़ का गबन हो गया। बरेली के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बिना छात्राओं की उपस्थिति के भोजन, पानी, अन्य सुविधाओं के नाम पर 84 लाख रूपए खर्च में दिखा दिए गए। बरेली के अलावा प्रदेश के 17 जिलों में भी घपले होने की चर्चा है।

epmty
epmty
Top