अखिलेश भाजपा मेनिया के शिकार : स्वतंत्रदेव

अखिलेश भाजपा मेनिया के शिकार : स्वतंत्रदेव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को कहा कि योगी फोबिया से ग्रसित समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव को अब भाजपा मेनिया हो गया है।

पार्टी के सामाजिक संपर्क अभियान के तहत सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन की शुभारंभ के मौके पर अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पहले से ही योगी फोबिया से ग्रस्त सपा अब भाजपा मेनिया का भी शिकार हो गई है। उन्होंने कहा कि शायद यही वजह है कि सपा के युवराज (अखिलेश) को केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकारों द्वारा किये गए काम नजर नहीं आते।

उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों की पार्टी है। साधारण परिवार में जन्म लेने वाले लोगों ने इस पार्टी को बनाया और आज उन्हीं के कारण भाजपा यहां तक पहुंची है। यह किसी जाति की पार्टी नहीं है बल्कि इस पार्टी में प्रत्येक जाति का नेतृत्व है। यहां किसी भी जाति का व्यक्ति कल का प्रदेश अध्यक्ष हो सकता है और कल नेतृत्व भी कर सकता है। एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के मान, सम्मान, भरपेट भोजन, रहने को छत और समाज में उसको उचित प्रतिष्ठा के लिए अंत्योदय को आधार बनाकर राजनीतिक दल की नींव रखीं। इस विचार को पूरा करने का काम एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाले प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने किया। उन्होंने गरीबों के लिए गरीब कल्याण योजनाएं चलाई।

उसी तरह है एक गरीब परिवार में जन्म लेने वाला और रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने वाला नौजवान जब देश का प्रधानमंत्री बना तो उन्होंने भारत के स्वाभिमान और गरीब के सम्मान के लिए काम किया। स्वच्छता कर्मियों का पैर धोकर स्वच्छता का संदेश देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को मूर्तरूप प्रदान कर रहे है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा " मैं गारंटी के साथ कहता हूं कि 2024 तक प्रत्येक गरीब के पास अपना पक्का मकान भी होगा और सभी के घर में शौचालय, आयुष्मान कार्ड भी होगा। बच्चों की शिक्षा की भी चिंता योगी कर रहे हैं। आज मोदी जी और योगी जी जैसा ईमानदार नेता भाजपा के आलावा किसी पार्टी के पास नहीं है।"

उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भय, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, जातिवाद तथा तुष्टिकरण से मुक्त होकर लोकमंगल के मार्ग पर आगे बढ़ा है। भय, भूख, भ्रष्टाचार से मुक्त उत्तर प्रदेश की इस गति को निर्वाध बनाते हुए एक बार फिर बडे़ बहुमत के साथ योगी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाइए।




जारी वार्ता

epmty
epmty
Top