दिल्ली के विकास माॅडल को उ.प्र. में करेंगे क्रियान्वितः गर्ग

दिल्ली के विकास माॅडल को उ.प्र. में करेंगे क्रियान्वितः गर्ग

सहारनपुर। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद पार्टी के पदाधिकारी सक्रिय हो गये हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने पत्रकारों के साथ रू-ब-रू होते हुए बताया कि आम आदमी पार्टी ने जिस प्रकार से दिल्ली में विकास के माॅडल को लागू किया है, उसी प्रकार से उत्तर प्रदेश का विकास किया जायेगा। जाति-धर्म के नाम पर जिस प्रकार से चुनाव लड़ने की परम्परा अब तक प्रदेश में रही है, अब आम आदमी पार्टी के चुनाव मैदान में उतरने से उस पर विराम लगेगा और विकास का मुद्दा सबसे अहम होगा।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने पत्रकारों के साथ वार्ता की। जिलाध्यक्ष आदित्य गर्ग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक जितनी भी पार्टियां आई, उन्होंने सिर्फ जाति धर्म के नाम पर ही चुनाव लड़ा है, लेकिन आम आदमी पार्टी के चुनावी रण में आने के बाद यह तस्वीर बदल जायेगी। अब उत्तर प्रदेश में भी बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार आदि मुद्दों पर बात होगी। आम आदमी पार्टी के 'दिल्ली विकास मॉडल' को दुनिया ने सराहा है। उसी माॅडल को उत्तर प्रदेश में भी लागू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के मात्र चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा से उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्कूल, हॉस्पिटल जैसे मुद्दों पर बात करने लगे हैं। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के सरकारी स्कूल के मुद्दे पर बहस की चुनौती को सहर्ष स्वीकार कर लिया है। बहस के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा। उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी, मुफ्त शिक्षा, आदि जो भी सुविधाएं दिल्ली में पार्टी ने प्रदान की हैं, वे सभी उत्तर प्रदेश के नागरिकों को दी जायेंगी। प्रेस वार्ता में आदित्य गर्ग, मनीष सिंह, हरपाल सिंह, जितेंद्र शर्मा, मनोज फुटेला, आशीष त्यागी, मेहरबान अली, इसरार अहमद, विशाल चंद आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।


रिपोर्ट- आनन्द कुमार

epmty
epmty
Top