अनोखी मूक रामलीला, दुनिया में है मशहूर

अनोखी मूक रामलीला, दुनिया में है मशहूर

झुंझुनू। राजस्थान में झुंझुनू जिले के बिसाऊ कस्बे की बिना संवाद बोले सम्पन्न होने वाली मूक रामलीला दुनिया में अपनी अलग ही पहचान रखती है। इस रामलीला की खासियत यह है कि जहां सभी जगह रामलीलाएं नवरात्र स्थापना के साथ शुरू होकर दशहरे अथवा उसके अगले दिन राम के राज्याभिषेक प्रसंग के मंचन के साथ पूरी हो जाती है। बिसाऊ की रामलीला का मंचन पूरे एक पखवाड़े होता है।

रामलीला में सातवें दिन लंका के पुतले का दहन किया जाता है। बाद में कुम्भकरण, मेघनाद के पुतलों का दहन होता है। दशहरे की बजाय पूर्णिमा के एक दिन पहले (चतुर्दशी) को रावण के पुतले का दहन किया जाता है। भरत मिलाप प्रसंग के साथ पूर्णिमा को रामलीला का समापन होता है। प्रतिदिन कलाकार मुखौटे लगाकर मैदान में नर्तन करते हुए शाम चार बजे से रात आठ बजे तक रामलीला का मंचन करते हैं। जहां सभी जगह रामलीला में रावण अपनी तेज और डरावनी आवाज में दहाड़ता है। वहीं बिसाऊ की मूक रामलीला का रावण बोलता नहीं बल्कि खामोशी के साथ मूक बनकर अपना अभिनय करता है। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की मधुर आवाज भी इस रामलीला में सुनाई नहीं पड़ती है।

बिसाऊ की मूक रामलीला देशभर में ही नहीं अपितु पूरे संसार में होने वाली सभी रामलीलाओं से अलग है। इसके मंचन के दौरान सभी पात्र बिन बोले (मूक बनकर) ही पूरी बात कह जाते हैं। यही नही इनके सभी पात्र अपने मुखौटो से अपनी पहचान दर्शाते है। यही कारण है कि इसको मूक रामलीला के नाम से जाना जाता है। यहां की रामलीला अपने आप मंे साम्प्रदायिक सौहार्द के प्रतीक के रूप में भी जानी जाती है। रामलीला का मंचन ढ़ोल-नगाड़ों पर होता है जिनको स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा बजाया जाता है। यहां एक भी लाउड स्पीकर नहीं लगाया जाता है।

यहां की रामलीला के लिए स्टेज नहीं लगाया जाता है बल्कि मुख्य बाजार में सडक पर मिट्टी बिछाकर उत्तर दिशा में लकड़ी से बनी अयोध्या व दक्षिण दिशा में लंका तथा बीच में पंचवटी आश्रम बनाया जाता है। ऊपर पत्तों की बंदनवार बांधी जाती है। उत्तर व दक्षिण में दो दरवाजे बनाये जातें हैं, जिन पर लगे परदों पर रामायण की चैपाइयां लिखी होती है। रामलीला मंचन के दौरान एक पंडित जी रामायण की चैपाइयां बोलते रहतें हैं। रामलीला में राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न व सीता के मुकुट चांदी के बने होते हैं। ये पात्र मुखोटे नही लगाते हैं। रामलीला में अन्य पात्रों के अलावा दो विदूषक भी होते हैं जो लोगों का मनोरंजन करतें हैं। कलाकार त्रिलोकचंद शर्मा की ओर से बनाए जाने वाले रावण, कुम्भकरण व मेघनाद के पुतले भी आकर्षण का केन्द्र होते हैं।

बगैर संवाद बोले स्वरूपों के मुखौटे लगाकर लंबे मैदान में लीला का मंचन किया जाता है। कागज, गत्ते, रंगों से मुखौटे, हथियार बनाए जाते हैं। बालू मिट्टी पर ढोल तासो की आवाज पर युवा कलाकार नाच कूद कर अभिनय करते है। रामलीला की तैयारियां दो माह पूर्व से रामलीला हवेली में शुरू होने लगती है, जिसमें स्वरूपो के मुखौटे बनाने, ड्रेस सिलाई, तीर कमान, गदा, तलवारे आदि तैयार करवाये जाते हैं।

रामलीला के पात्रों की पोशाक भी अलग तरह की होती है। अन्य रामलीला की तरह शाही एवं चमक दमक वाली पोशाक न होकर साधारण पोशाक होती है। राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न की पीली धोती, वनवास में पीला कच्छा व अंगरखा, सिर पर लम्बे बाल एवं मुकुट होता है। मुख पर सलमें-सितारे चिपका कर बेल-बूंटे बनाए जाते है। हनुमान, बाली-सुग्रीव, नल-नील, जटायू एवं जामवन्त आदि की पोशाक भी अलग-अलग रंग की होती है। सुन्दर मुखौटा तथा हाथ में घोटा होता है। रावण की सेना काले रंग की पोशाक में होती है। हाथ में तलवार लिए युद्ध को तैयार रहती है। मुखौटा भी लगाया हुआ होता है। आखिरी चार दिनों में कुम्भकरण, मेधनाद, एवं रावण के पुतलों का दहन किया जाता है। फिर भरत मिलाप के दिन पूरे नगर में श्रीराम दरबार की शोभा यात्रा निकाली जाती है।

यहां रामलीला की शुरूआत जमुना नामक एक साध्वी द्वारा 185 वर्षों पूर्व की गयी बतातें हैं, जो गांव के पास रामाणा जोहड़ में साधना करती थी। साध्वी वहीं छोटे-छोटे बच्चों को लेकर उनसे मूकाभिनय करवाती थी। तभी से इस रामलीला की शुरूआत मानी जाती है। श्री रामलीला प्रबंध समिति इसकी व्यवस्था करती है और प्रवासी भामाशाह व कस्बेवासी रामलीला का खर्च उठाते हैं। प्रबंध समिति का कार्यालय बिसाऊ में जे.के. ग्रुप के परिवारजनों की हवेली में है। इसलिए हवेली की रामलीला वाली हवेली के नाम से भी जानते है। हवेली में गत 50 वर्षों के मुखोटे संग्रहित कर रखे हुये हैं।

बिसाऊ की रामलीला के प्रति स्थानीय लोगों समेत आसपास के गांवों के लोगों में भी काफी उत्सुकता रहती है। रामलीला को देखने के लिए दूर-दूर से आने वाले दर्शकों की भीड़ रहती है। रामलीला का मंचन आसोज शुक्ल की एकम से पूर्णिमा तक होती है। रामजन्म से राज्याभिषेक तक के प्रसंग मंचित किए जाते हैं। बिसाऊ कस्बे में होने वाली विश्व प्रसिद्ध मूक रामलीला में मुख्य बाजार स्थित दंगल में उतरने से पहले कलाकारों को तैयार होने में करीब तीन घंटे लगते हैं। रामादल के पात्र राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन एवं सीता के अलावा नारद ही एकमात्र ऐसे पात्र है जिनका चेहरा दिखाई देता है। इसके अलावा रावण दल हो या महाराजा सुग्रीव की सेना सभी पात्र चेहरे में ढके रहते हैं।

करीब साढ़े पांच बजे से रामलीला शुरू होने से पहले रामादल के स्वरूपों को तैयार होने के लिए दो बजे ही रामलीला हवेली पहुंचना पड़ता है। इन पात्रों के चेहरे पर चमकीले तारों से श्री, स्वास्तिक, अष्टकमल, मोर पंख, मोर, श्रीफल आदि की आकृति बनाने के लिए गोंद का इस्तेमाल किया जाता है। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंडित सुनील शास्त्री ने बताया दंगल में इन पात्रों के चमकते चेहरों का राज ये सितारे व तारे हैं जो दिल्ली से विशेष रूप से मंगवाए जाते हैं। रामलीला के पुराने कलाकार वर्तमान कलाकारों का चेहरा श्रंगारित करते हैं। यह श्रंगार अन्य शहरों व कस्बों में होने वाली मंचीय रामलीला से अलग दिखाई देता है।

15 दिवसीय रामलीला के मंचन पर करीब पांच लाख रुपए खर्चा आता है। इसे ये लोग कस्बे के भामाशाहों समेत मुम्बई, कोलकोता से प्रवासियों के सहयोग से जुटाएंगे। रामलीला मंडल कमेटी के महावीर सोती ने बताया कि मुम्बई में रामलीला प्रबंध समिति ट्रस्ट बना हुआ है। उसके नाम से कुछ रुपयों की बैंक एफडी करवाई हुई है। इसका सालाना ब्याज मिला जाता है। बाकी खर्च कस्बे के व प्रवासियों से एकत्रित हो जाता है।

राजस्थान में झुंझुनू जिले के बिसाऊ कस्बे में गत 185 वर्षो से अनवरत जारी मूक रामलीला को दुनिया के मानचित्र में लाने के लिए पूरे कस्बेवासी एकजुट हुए। इसे हेरीटेज एक्टिविटी में शामिल करने के उद्देश्य से बिसाऊ वेलफेयर ट्रस्ट के सौजन्य से 6 सितम्बर 2018 को सांय सात बजे से देर रात तक रामलीला के प्रसंगों को एक ही दिन में दिखाकर इसका विशेष मंचन किया गया था।

राजस्थान की धरोहर एवं बिसाऊ कस्बे के गौरव मूक रामलीला को अगर राजस्थान सरकार व पर्यटन विभाग संरक्षण देकर विश्व के पर्यटन मानचित्र में शामिल करे तो बिसाऊ कस्बा प्रदेश का एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकता है। (रमेश सर्राफ धमोरा-हिन्दुस्तान समचार फीचर सेवा)

epmty
epmty
Top