लड़की से करना चाहता था दोस्ती- दे दी मौत

लड़की से करना चाहता था दोस्ती- दे दी मौत

बागपत। पुलिस ने रमाला थाना क्षेत्र के ग्राम कंडेरा में हुए हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। पकड़े गये आरोपी ने बताया कि मृतक उसके दोस्त की प्रेमिका से जबरन दोस्ती करना चाहता था। इसलिए उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर भारत की हत्या कर दी थी।

जानकारी के अनुसार विनोद पुत्र गिरिराज निवासी ग्राम कंडेरा ने विगत 27 जनवरी को पुलिस को तहरीर दी थी। उसने बताया था कि 26 जनवरी की रात्रि को उसका लड़का भारत अपने घेर में अपने दोस्त नितिन पुत्र हरपाल सिंह निवासी ग्राम भभीसा थाना कांधला के साथ सो रहा था। रात्रि में लगभग 3 बजे घेर में घुसे दो बदमाशों ने उसके पुत्र भारत की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी थी। आज इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया। उसने अपना नाम छोटू उर्फ आशीष पुत्र लक्ष्मण निवासी ग्राम कन्डेरा थाना रमाला जनपद बागपत बताया। उसने अपने फरार साथी का नाम अवतार पुत्र देवेन्द्र निवासी ग्राम कन्डेरा थाना रमाला जनपद बागपत बताया। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आशीष ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसकी गांव के अवतार से गहरी दोस्ती है। उसने पूर्व में अवतार व उसके साथियो की कई मुकदमों में जमानत भी करा रखी है।

अवतार की गांव की एक युवती के साथ दोस्ती थी। उक्त युवती से जबरन भारत भी दोस्ती करना चाहता था। युवती ने मामले के बारे में अवतार को बताया, तो अवतार ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। घटना वाले दिन अवतार और आशीष ने शराब का सेवन किया और भारत के घेर में घुस गये। अवतार ने पिस्टल से उस पर कई गोलियां चलाई, जबकि आशीष ने तमंचे से एक गोली चलाई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। उसने बताया कि इसके बाद अवतार गांव छोड़कर चला गया था, जबकि वह अलग-अलग स्थान पर छिपकर रह रहा था। पकड़े गये आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

epmty
epmty
Top