जज्बे को सलाम- दूसरों की मदद करने वाली 40 महिलाएं सम्मानित

जज्बे को सलाम- दूसरों की मदद करने वाली 40 महिलाएं सम्मानित

लखनऊ। कोविड महामारी के दौरान निष्ठा के साथ अपने फर्ज की राह पर चलते हुए दूसरों की मदद करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। एडीजी 112-यूपी असीम अरूण ने 40 महिलाओं को उनके विशिष्ट कार्य के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कोविड महामारी के दौरान निष्ठा के साथ दूसरों की मदद करने वाली 40 महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 112-यूपी के एडीजी असीम अरूण ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उक्त महिलाओं के प्रयास से आम जनमानस को खाना, राशन, दवाई समय पर मिल सकीं। इसके साथ ही पुलिस 112-यूपी की पीआरवी टीम द्वारा घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई गई। सम्मान प्राप्त करने वालों में 112-यूपी की संवाद अधिकारी, सम्प्रेषण अधिकारी, पीआरवी पर तैनात महिला कर्मी सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं शामिल हैं। एडीजी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सम्मानित होने वाली महिलाओं ने प्रत्येक मौके पर आगे बढ़कर समाज के सभी वर्गों को मदद पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि सम्मानित होने वाली एफएम रेडियो की आरजे ने महिलाओं के लिए शुरू की गयी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय की छात्रा रैना शुक्ला ने ताईक्वांडो में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। रैना ने 600 से अधिक महिलाओं व बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया है।

समाज को अपना योगदान देने के लिए योग प्रशिक्षक प्रीति जैसवाल, आत्मरक्षा प्रशिक्षक रैना शुक्ला, रेडियो जॉकी राशि जौहरी, पायल शर्मा, श्वेता शर्मा, तृप्ति पाठक, शुभा, पूजा बैरी, सोना पंजाबी, रफत को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इनके साथ 112 -यूपी की लखनऊ जिले की प्रभारी निरीक्षक शिवा शुक्ला, मुख्यालय पर तैनात निरीक्षक ऑपरेशन रुखसाना कुरैशी को एडीजी 112-यूपी असीम अरूण ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान 10 संवाद अधिकारी, तीन सुपरवाईजर, फील्ड में तैनात चार महिला पीआरवी कर्मी और मुख्यालय पर तैनात 10 सम्प्रेषण अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसपी (प्रशासन) एमपी वर्मा, एसपी (प्रशिक्षण) ब्रिजेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार पाण्डे, हरेन्द्र यादव आदि मौजूद रहे।

epmty
epmty
Top