पाक मूल की दोषी अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार

पाक मूल की दोषी अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार

नैनीताल। भारत में अवैध रूप से घुसने वाली दोषी पाक मूल की अमेरिकी नागरिक को चंपावत पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

चंपावत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सन् 2019 में भारत में अवैध रूप से घुसने के आरोप में पाक मूल की अमेरिकी नागरिक फरीदा मलिक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ चंपावत के बनबसा थाने में अभियोग पंजीकृत किया गया। आरोपी के खिलाफ पासपोर्ट व विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

चंपावत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोपी के खिलाफ मामला चलाया गया और अदालत ने पांच मार्च 2020 को उसे दोषी मानते हुए उसे चार वर्ष की सश्रम कारावास व 20 हजार का अर्थदंड की सजा सुनायी थी। इसके बाद उसे अल्मोड़ा जेल में निरूद्ध कर दिया गया।

इसके बाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर अप्रैल 2020 में आरोपी को भारत नहीं छोड़ने व नियत तिथि पर अदालत में उपस्थित होने की शर्त पर चंपावत के जिला एवं सत्र न्यायालय की ओर से जमानत दे दी गयी।

अभियुक्त की ओर से चंपावत के जिला एंव सत्र न्यायाधीश की अदालत में अपील दायर की गयी जिस पर 22 फरवरी 2021 को सुनवाई होनी थी लेकिन आरोपी नियत तिथि को अदालत में पेश नहीं हुई। इसके बावजूद अदालत ने आरोपी को दोषी मानते हुए उसके खिलाफ निचली अदालत की सजा को बरकरार रखा। साथ ही अदालत ने फरार अभियुक्त की जमानत को भी खारिज कर उसे गिरफ्तार करने के निर्देश दिये।

इसके बाद बनबसा पुलिस ने आरोपी को कल शुक्रवार को उप्र के नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। आज उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

epmty
epmty
Top