एसएसपी अभिषेक का तीन दिवसीय दक्ष पुलिस अभियान शुरू

एसएसपी अभिषेक का तीन दिवसीय दक्ष पुलिस अभियान शुरू
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
  • Story Tags

मुजफ्फरनगर। जनपद के पुलिस कप्तान अभिषेक यादव किसी भी प्रतिकूल परिस्थितियों में किसी भी मौके पर किसी भी चूक की कोई भी गुंजाइश छोड़ने के मूड़ में नहीं हैं। उन्होंने हर मौके पर अपनी पुलिस को दक्ष रखने के लिए आज पुलिस लाईन में तीन दिवसीय दक्ष पुलिस अभियान का शुभारंभ किया है, जिसके तहत पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों को शस्त्र प्रशिक्षण एवं शस्त्राभ्यास कराया जायेगा।






पुलिस लाइन में आज से शुरू किये गये दक्ष पुलिस अभियान 3 चरणों में आयोजित किया जायेगा। आज प्रथम दिन पुलिस लाइन में इस अभियान के प्रथम चरण में जनपद के थानों से चिन्हित आरक्षियों के शस्त्र प्रशिक्षण का शुभारम्भ एसएसपी अभिषेक यादव द्वारा किया गया।






पुलिस सूत्रों के अनुसार दक्ष पुलिस अभियान के अन्तर्गत प्रथम चरण में जनपद की पुलिस लाइन में प्रत्येक थाने से 1 महिला व 1 पुरुष आरक्षी को चिन्हित कर थाना स्तर पर प्रयोग किये जाने वाले शस्त्रों के सम्बन्ध में 3 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा, जिसमे शस्त्रों को खोलना, जोड़ना, शस्त्रों की उपयोगिता, शस्त्रों की साफ सफाई व शस्त्रों के रख रखाव के सम्बन्ध में जानकारी दी जायेंगी।


दक्ष पुलिस अभियान के अन्तर्गत दूसरे चरण में प्रशिक्षण पा रहे सभी कर्मचारी अपने अपने थानों पर जाकर थाने के समस्त कर्मचारियों को शस्त्रों को खोलना, जोड़ना, शस्त्रों की उपयोगिता, शस्त्रों की साफ सफाई व शस्त्रों के रख रखाव के सम्बन्ध में जानकारी से अवगत कराते हुए उन्हें भी प्रशिक्षित करेंगे और इस अभियान के तीसरे चरण में थानावार पुलिस कर्मचारियों को जनपद के फायरिंग बट पर फायरिंग का परिक्षण एवं अभ्यास कराया जाएगा।







जानकारों की मानें तो बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में कई बार पुलिस के हथियार बेकार साबित होते रहे हैं। ऐसे में पुलिस को बहुत बार जान की हानि भी उठानी पडी है। एक बार तो जब पुलिस के हथियार जवाब दे गये थे, तो एक दरोगाजी ने मुंह से धांय-धांय की आवाज निकालकर बदमाशों को भ्रमित करने का प्रयास किया था। उक्त दारोगा का यह कारनामा मीडिया की सुर्खी भी बना था। भविष्य में ऐसा कुछ न हो, इसी को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने अपनी पुलिस को दक्ष बनाने का फैसला किया है और उन्हें हथियार चलाने में ही नहीं, बल्कि हथियारों के बारे में जानने के लिए तीन दिवसीय दक्ष पुलिस अभियान चलाया है। इस अभियान के बाद निश्चित रूप से पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में पुलिस की जान की रक्षा हो सकेगी और बदमाश अपने अत्याधुनिक हथियारों के बल पर पुलिस का मनोबल कम नहीं कर पायेंगे।

epmty
epmty
Top