चलेगा CMO का अभियान- बनाये जायेंगे आयुष्मान कार्ड

चलेगा CMO का अभियान- बनाये जायेंगे आयुष्मान कार्ड

मुजफ्फरनगर। जनपद में "आपके द्वार आयुष्मान 2.0" अभियान बृहस्पतिवार (16 सितम्बर) से शुरू हो रहा है। यह अभियान 30 सितम्बर तक चलेगा। पखवाड़े के दौरान आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. महावीर सिंह ने बताया जनपद में सन् 2011 की जनगणना के आधार पर तैयार की सूची में शामिल आयुष्मान भारत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गये हैं।

सीएमओ डॉ. महावीर सिंह ने बताया-पखवाड़े के तहत लक्षित परिवारों को योजना के प्रति जागरूक करते हुए आयुष्मान कार्ड कैम्प तक लाने एवं अधिकतम पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाने के हरसंभव प्रयास किये जाएंगे। इस अभियान में ऐसे परिवारों को लक्षित किया जाएगा, जिन परिवारों के एक भी सदस्य का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। इसके लिए ग्राम प्रधान व आशा कार्यकर्ताओं को 2011 की सर्वेक्षण सूची दे दी गई है जिनमें लाभार्थी नाम देखकर अपने आयुष्मान कार्ड बनवा सकते है। लाभार्थी को राशन कार्ड, आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा तथा जनसेवा केंद्र व आयुष्मान मित्र द्वारा आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाये जायेंगे।

उन्होंने बताया-आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए बृहस्पतिवार (16 सितम्बर) से 30 सितम्बर तक अभियान चलेगा। इस अभियान के लिये कैंप आयोजित किये जाएंगे। यह कैम्प सार्वजिनिक स्थल जैसे- पंचायत भवन, हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर, आंगनबाड़ी केन्द्र, प्राथमिक विद्यालय आदि पर लगाए जाएंगे।

लाभार्थी की ग्रामवार सूची संबधित ग्राम सभा के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। कैंप स्थल एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर बैनर लगाकर अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कैंप की निर्धारित तिथि से पूर्व संबंधित आशा व आँगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा गांव के लाभार्थी परिवारों में आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी।

उन्होंने बताया - योजना के अंतर्गत अब तक जनपद में 1.44 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। सीएमओ ने बताया-आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से आच्छादित परिवारों को प्रतिवर्ष प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा अनुमन्य है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रत्येक पात्र लाभार्थी के पास आयुष्मान कार्ड होना अनिवार्य है।

epmty
epmty
Top