मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले सांस्कृृतिक दलों एवं पुलिस बलों को सम्मानित किया

मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले सांस्कृृतिक दलों एवं पुलिस बलों को सम्मानित किया

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन के सामने गणतंत्र दिवस समारोह में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न राज्यों के सांस्कृृतिक दलों एवं पुलिस बल की टुकड़ियों को अपने सरकारी आवास पर सम्मानित किया। उन्होंने प्रत्येक सांस्कृतिक दल एवं पुलिस बल की टुकड़ी को पुरस्कार स्वरूप एक लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया तथा ग्रुप लीडर को शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों एवं पुलिस बलों का स्वागत करते हुए कहा कि अतिथियों का सम्मान करना हमारी विरासत है और नैतिक दायित्व भी। आज यहां गणतंत्र दिवस समारोह में सम्पन्न परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ झांकियों का प्रदर्शन देश के विकास, विरासत और ताकत का प्रतिरूप थी। उन्होंने कहा कि संस्कृति किसी भी राष्ट्र और समाज की जीवन्तता का आधार होती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न राज्यों के साथ परम्परागत रूप से उत्तर प्रदेश के गहरे रिश्तों का उल्लेख करते हुए यह विश्वास जताया कि सांस्कृतिक सम्बन्ध देश को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अल्प समय में सम्मान कार्यक्रम के आयोजन के लिए सूचना विभाग एवं लखनऊ जिला प्रशासन की सराहना भी की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किए जाने वाले सांस्कृतिक दलों में अरुणाचल प्रदेश, बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश, मेघालय, महाराष्ट्र, राजस्थान तथा उत्तराखण्ड राज्य शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने अरुणाचल प्रदेश पुलिस बल के श्रवण कुमार साह, बिहार पुलिस बल के निर्मल कुमार सिंह तथा उत्तराखण्ड पुलिस बल के नवीन चन्द्र पंत को सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी तथा लखनऊ के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा भी उपस्थित थे।

epmty
epmty
Top