कर्पूरी ठाकुर समाजवादी आंदोलन में जातिवादी और सांप्रदायिक राजनीति के विरूद्ध संघर्षरत रहे:अखिलेश यादव

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo

लखनऊ : समाजवादी पार्टी मुख्यालय में समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता, जननायक के नाम से लोकप्रिय बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती मनायी गयी। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर डाॅ0 लोहिया, जय प्रकाश नारायण के साथ समाजवादी आंदोलन में जातिवादी और सांप्रदायिक राजनीति के विरूद्ध संघर्षरत रहे। समाजवादी पार्टी उनके दिखाये रास्ते पर चलते हुए सामाजिक न्याय और समाजवादी व्यवस्था के लिये लगातार काम करते हुए सबको सम्मान दिलाने की लड़ाई लड़ रही हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और नौजवानों के मुद्दों से जनता का ध्यान हटाना चाहती है। जातिवाद का जह़र भाजपा ने फैलाया। जातिवादी राजनीति करने में भाजपा को महारथ हासिल है।
भाजपा सरकार ने समाजवादी पेंशन छीनने, पोषण मिशन की समाप्ति करके महिलाओं का अपमान किया है। स्कूलों में बच्चों के लिये स्वेटर इसलिये नहीं बंटे क्योंकि भाजपा का कहना है कि जनता को कुछ भी मुफ्त नहीं मिलेगा। उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार सिर्फ उद्घाटन का उद्घाटन कर रही है। अवध शिल्प ग्राम का उद्घाटन समाजवादी सरकार में हो चुका है बावजूद इसके भाजपा फिर से इसका उद्घाटन का उपक्रम कर रही है। भाजपा सरकार विकास कार्यों की जांच के नाम पर बदनाम करने की साजिश कर रही है।
राज्य सरकार के पास लाज-शर्म नहीं बची है। उत्तर प्रदेश में सड़कों का काम रोक दिया गया हैं, स्वास्थ्य सेवायें ठप्प कर दी गयी हैं। छात्रों-नौजवानों के लिये सरकार रोजगार देने की दिशा में कोई काम नहीं कर रही है। किसानों की हालत बदहाली के कगार पर है। आलू किसान बर्बाद हो गये हैं। धान और गन्ना के किसान तबाह है। अमीर-गरीब के बीच बढ़ती सामाजिक-आर्थिक विषमता को दूर करने में केन्द्र और राज्य सरकार की कोई रूचि नहीं है। केन्द्र सरकार ने जीएसटी, नोटबंदी और एफडीआई के द्वारा स्वदेशी आंदोलन को कमजोर किया है। केन्द्र सरकार को जाति के आधार पर जनगणना घोषित करनी चाहिये और उसे आधार से जोड़ना चाहिए। जब सबका विकास होगा तभी सबका साथ हो पायेगा।
यादव ने कहा कि दावोस में प्रधानमंत्री जी प्रदूषण कम करने की बात कर रहे हैं लेकिन भारत में प्रदूषण दूर करने का कोई उपाय नहीं कर रहे हैं। समाजवादी सरकार ने ही पर्यावरण बचाने के लिये सबसे अधिक वृक्षारोपण कर रिकार्ड बनाया हैं। भाजपा सरकार साइकिल की विरोधी हैं जबकि पर्यावरण के लिये साईकिल जरूरी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के जन्मदिन पर समाजवादियों को सामाजिक न्याय, आबादी की हिस्सेदारी के साथ समाज के कमजोर वर्ग को मुख्यधारा में लाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, पूर्व मंत्री शंखलाल मांझी, एसआरएस यादव, आलोक तिवारी, सुनील यादव साजन, शशांक यादव एमएलसी, विनोद सविता, संजय विद्यार्थी, प्रदीप शर्मा, सिद्धार्थ मिश्रा, अनूप बारी, विवेक सिंह, अब्दुल कलाम सहित बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।

epmty
epmty
Top