भ्रष्टाचार के विरूद्ध सख्त रूख अपनाया गया है : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत

भ्रष्टाचार के विरूद्ध सख्त रूख अपनाया गया है : मुख्यमंत्री  त्रिवेंद्र सिंह रावत

पौड़ी गढ़वाल : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खिर्सू में खिर्सू शरदोत्सव एवं विकास समिति द्वारा आयोजित खिर्सू शरदोत्सव 2018 का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के विरूद्ध सख्त रूख अपनाया गया है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा आॅलवेदर रोड के अन्तर्गत 12 हजार करोड़ रूपये तथा रेल लाइन निर्माण के लिए 16 हजार करोड़ की धनराशि जारी की गई है। जिससे इन निर्माण कार्याें में तेजी लायी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि सीमान्त क्षेत्र सड़कों के लिए 13 हजार करोड़ की सहायता भी राज्य सरकार को मिलेगी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आगामी छः माह में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पौड़ी तथा लैंसडोंन आदि जगहों पर हवाई सेवा भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा दिल्ली से हरिद्वार मां गंगा एक्सप्रेस तथा दिल्ली से रामनगर तक कार्बेट अवलोकन हेतु स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए आगामी दो माह में सभी अस्पतालों में डाक्टर भेजे जाएंगे। जिनकी भर्ती प्रक्रिया सरकार द्वारा चलाई जा रही है।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पौड़ी से शुरू हुए टेली रेडियोलाॅजी तथा टेली मेडिसन सेवा से भी राज्य के 26 अस्पताल जोड़े गये हैं। साथ ही नौ सौ नर्सों की भर्ती कर सभी सेंटरों को स्वास्थ्य सेवाओं से लैस किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आगामी 34 माह के अन्दर ढिकवाल गांव पंपिंग पेयजल योजना के द्वितीय चरण का कार्य पूरा कर खिर्सू क्षेत्र को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा तथा चैबट्टा में सहकारी बैंक खोल बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। खिर्सू को पर्यटन नगरी के रूप में संवारने के लिए विषय विशेषज्ञों से सलाह ली जाएगी। उन्होंने बताया कि मुम्बई आईआईटी द्वारा तैयार विशेष कंप्यूटर प्रोजेक्टर के माध्यम से आदर्श इंटर कालेज खिर्सू में ईक्लासेस प्रारंभ की जायेगी। उन्होंने बताया कि रेडिमेंट गारमेंट्स के तहत 15 सेंटरों के माध्यम से बेरोजगारों को प्रशिक्षण देकर स्वालंबन की ओर अग्रसर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पिरूल से तारपीन व बायोडीजल के निर्माण से ग्रामीण अर्थ व्यवस्था का लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के तहत तीन सौ लाभार्थियों को चयनित किया गया था। जिसमें से मुख्यमंत्री ने आज 7 लाभार्थी महिलाओं को चैकों का वितरण किया। पलायन पर चिंता व्यक्त करते हुुए उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा अपने पुश्तैनी मकानों को छोड़ दिया गया है। सरकार ने इस समस्या के स्थायी समाधान के प्रयास शुरू कर दिये हैं। ग्रामीण विकास एवं पलायन आयोग का भी गठन किया गया है। कुछ विभागों में अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार की शिकायत की निष्पक्ष जांच के आदेश दिये गये है। अभी तक 14 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खिर्सू शरदोत्सव विकास समिति द्वारा व्यायाम शिक्षक योगाम्बर सिंह नेगी को वीणा पाणी शिक्षक सम्मान 2017 से सम्मानित किया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डा.धन सिंह रावत तथा राजपुर रोड विधायक खजान दास ने भी जनता को सम्बोधित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्कूली छात्रछात्राओं द्वारा आयोजत मार्चपास्ट की सलामी ली तथा युवक एवं महिला मंगल दलों द्वारा पर्यावरण, नंदादेवी राज जात आदि की झांकी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में कृषि, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, उद्यान, ग्राम्य विकास, जलागम समेत कई विभागों द्वारा शरदोत्सव के दौरान स्टाॅल विभागीय योजनाओं की जानकारियां दी। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख सुषमा नेगी, खिर्सू शरदोत्सव एवं विकास समिति के संयोजक सम्पत सिंह रावत, मंडल अध्यक्ष हयात सिंह झिंकवाण, जिलाधिकारी सुशील कुमार तथा आम जनमानस भी उपस्थित रहा।

epmty
epmty
Top