कोरोना से मौतों की संख्या फिर 200 से ऊपर

कोरोना से मौतों की संख्या फिर 200 से ऊपर

नयी दिल्ली। देश में कोरोना बीमारी को मात देने वालों की संख्या में निरंतर इजाफे से सक्रिय मामलों की दर घटकर महज दो फीसदी के करीब आ गयी है लेकिन संक्रमण से होने वाली मौतों की दैनिक संख्या दो दिन 200 से नीचे रहने के बाद फिर इससे अधिक हो गयी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 202 संक्रमितों की मौत हुई है। इससे पहले सोमवार को 161 और मंगलवार को 167 मरीजों की जानें गयी थी। देश में अब तक 1,51,529 लोग कोरोना के काल का ग्रास बन चुके हैं , हालांकि संक्रमण के आंकड़ों के हिसाब मृत्युदर कम है और अभी यह लगातार घटते हुए 1.44 फीसदी रह गयी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 15,968 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ चार लाख 95 हजार से अधिक हो गया है। इसी अवधि में 17,817 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ एक लाख 29 हजार 111 हो गयी। सक्रिय मामले 2051 घटकर 2.14 लाख रह गये हैं। देश में रिकवरी दर बढ़कर 96.51 प्रतिशत हो गयी है और सक्रिय मामलों की दर 2.04 फीसदी रह गयी है।

केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 1212 सक्रिय मामले बढ़े और इनकी संख्या 64,759 हो गयी है। वहीं सबसे ज्यादा 4270 मरीज स्वस्थ हुए जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद साढ़े सात लाख से अधिक हो गयी है जबकि 25 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 3347 हो गया है। सक्रिय मामलों में केरल अभी पहले स्थान पर है।

महाराष्ट्र में सक्रिय मामले 396 घटे हैं और इनकी संख्या 53,067 रह गयी है। राज्य में कोरोनामुक्त होने वालों का आंकड़ा 18.71 लाख हो गया है वहीं 50 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 50,151 हो गयी है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सक्रिय मामलों में निरंतर कमी आ रही है और अब इनकी संख्या 3179 रह गयी है। वहीं 16 और मरीजों की मौत हुई है जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 10,707 हो गयी है। दिल्ली में 6.17 लाख से ज्यादा मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।

दक्षिणी राज्य कर्नाटक में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 435 घटकर 8928 रह गयी है। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 12,149 हो गया है तथा अब तक 9.07 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामले 2411 रह गये हैं। वहीं 7133 लोगों की जानें जा चुकी है और 8.75 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।


आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 304 कम होकर 10,560 रह गये। इस महामारी से 8514 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अब तक 5.75 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं।

तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 6807 रह गयी है तथा अभी तक 12,336 लोगाें की मौत हुई है। राज्य में 8.08 लाख से अधिक मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं।

ओडिशा में सक्रिय मामले 42 बढ़कर 1985 हो गये हैं , वहीं 3.28 लाख लोग इस संक्रमण से निजात पा चुके हैं जबकि मृतकों की संख्या 1894 हो गयी है। तेलंगाना में सक्रिय मामले 4458 रह गये हैं और 1571 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2.84 लाख से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।

पश्चिम बंगाल में कोरोना के सक्रिय मामले 146 कम होकर 7392 रह गये हैं और 9975 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 5.44 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। पंजाब में सक्रिय मामले घटकर 2788 रह गये हैं तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 1.61 लाख से अधिक हो गई है जबकि 5456 मरीजों की जान जा चुकी है।

मध्य प्रदेश में सक्रिय मामले 152 कम हुए हैं और इनकी संख्या 7499 रह गयी है तथा अब तक 2.38 लाख से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3726 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मामले 490 घटकर 8060 रह गये हैं। राज्य में 2.79 लाख लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं वहीं 12 और मरीजों की मौत होने के साथ मृतकों की संख्या 3517 हो गयी है।

गुजरात में सक्रिय मामले 7439 रह गये हैं तथा 4350 लोगों की मौत हुई है और 2.41 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। बिहार में सक्रिय मामले 180 बढ़कर 4234 हो गये हैं। राज्य में कोरोना से 1443 लोगों की मौत हुई है जबकि ढाई लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं।

कोरोना महामारी से अब तक हरियाणा में 2964, राजस्थान में 2739, जम्मू-कश्मीर में 1912, उत्तराखंड में 1589, असम में 1064, झारखंड में 1048, हिमाचल प्रदेश में 961, गोवा में 749, पुड्डुचेरी में 639, त्रिपुरा में 389, मणिपुर में 365, चंडीगढ़ में 328, मेघालय में 143, सिक्किम में 129, लद्दाख में 128, नागालैंड में 84, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 62, अरुणाचल प्रदेश में 56, मिजोरम में नौ तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।

epmty
epmty
Top