किसान संगठनों का काले कानूनों के खिलाफ 19 अक्तूबर से राज्य व्यापी प्रचार

किसान संगठनों का काले कानूनों के खिलाफ 19 अक्तूबर से राज्य व्यापी प्रचार

सिरसा तीन कृषि कानूनों के विरोध में सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में चल रहे पक्का मोर्चा पर वीरवार को सत्रह किसान संगठनों ने काले कानूनों के खिलाफ 19 अक्तूबर से राज्य व्यापी प्रचार अभियान छेड़ने का फैसला किया है।

किसान संगठनों के पदाधिकारियों की आवश्यक बैठक में हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि 19 अक्तूबर से पूरे हरियाणा में तीनों कालेकानूनों के विरोध में प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए बकायदा संगठनों के पदाधिकारियों व किसानों की टीमें बनाई जाएंगी, जो गांव-गांव जाकर इन कालेकानूनों के प्रति किसानों को जागरूक करेंगी।

उन्होंने बताया कि 22 अक्तूबर को पूरे प्रदेश में सिरसा के आंदोलन के दमन के विरोध, तीनों कानूनों को वापिस लेने व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के इस्तीफे के लिए सभी जिलों में ज्ञापन दिए जाएंगे। शुक्रवार से सीएम सिटी करनाल में गुरुमुख सिंह की अध्यक्षता में सिरसा के किसानों के आंदोलन के समर्थन में धरना शुरू किया जाएगा। यदि सरकार फिर भी नहीं चेती तो इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर लेकर जाएंगे।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन से जोगेंद्र घासीराम नैन, भारतीय किसान यूनियन (अ) से महासचिव दिलबाग हुड्डा, भारतीय किसान संघर्ष समिति से विकास सिसर, भारतीय किसान मजदूर नौजवान यूनियन से राजेंद्र आर्य, हरियाणा किसान संघर्ष समिति मनदीप रतिया (नथवान), भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन से सुखदेव विर्क, किसान मजदूर सोसायटी से बाबा संतोक पंवार, प्रगतिशील किसान तोशाम हरियाणा से रमेश पंघाल, किसान यूनियन (अ) से सतबीर पूनियां, किसान संघर्ष समिति दादरी से जगबीर धसौला, भूमि बचाओ संघर्ष समिति से रणबीर फौजी, अन्नदाता किसान यूनियन से गुरुमुख सिंह, किसान बचाओ आंदोलन से राजीव गोदारा, भारतीय किसान यूनियन लौहारू, संयुक्त जल संघर्ष समिति से मा. सतबीर, भारतीय किसान यूनियन गणराज्य से डा. रफीक आजाद शामिल हुए।

epmty
epmty
Top