सभी सैनिक स्कूलों के दरवाजे बेटियों के लिए खुलेंगे: मोदी

सभी सैनिक स्कूलों के दरवाजे बेटियों के लिए खुलेंगे: मोदी

नयी दिल्ली। सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए देश के सभी सैनिक स्कूलों के दरवाजे अब लड़कियों के लिए खोल दिये हैं जिससे सभी स्कूलों में अब लड़कों के साथ साथ लड़कियों को भी प्रवेश दिया जायेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 75 वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में रविवार को खुद इसकी घोषणा की। श्री मोदी ने कहा कि भारत की बेटियां देश में हर क्षेत्र में अपनी जगह बनाने में लगी है और इसलिए अब सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी सैनिक स्कूलों में लड़को के साथ साथ लड़कियों को भी प्रवेश दिया जायेगा।

उन्होंने कहा, "आज मैं एक खुशी देशवासियों से साझा कर रहा हूँ। मुझे लाखों बेटियों के संदेश मिलते थे कि वो भी सैनिक स्कूल में पढ़ना चाहती हैं, उनके लिए भी सैनिक स्कूलों के दरवाजे खोले जाएं। आज भारत की बेटियां अपना स्पेस लेने के लिए आतुर हैं। दो-ढाई साल पहले मिजोरम के सैनिक स्कूल में पहली बार बेटियों को प्रवेश देने का प्रयोग किया गया था। अब सरकार ने तय किया है कि देश के सभी सैनिक स्कूलों को देश की बेटियों के लिए भी खोल दिया जाएगा।"

उल्लेखनीय है कि सरकार ने दिसम्बर 2019 में देश के पांच सैनिक स्कूलों के दरवाजे लड़कियों के लिए खोले थे लेकिन आज प्रधानमंत्री ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए कहा कि सभी सैनिक स्कूलों में अब लड़कियों को प्रवेश दिया जायेगा। इसे महिला सशक्तिकरण और सशस्त्र बलों में महिलाओं की भागीदारी बढाने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।








वार्ता

epmty
epmty
Top