महिला लाभार्थियों को मिले योजनाओं का लाभ: जिलाधिकारी

महिला लाभार्थियों को मिले योजनाओं का लाभ: जिलाधिकारी

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह ने मातहतों से कहा कि मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत सभी कार्यालयों में महिला हैल्प डेस्क की स्थापना कर लें।

उन्होंने कहा कि महिला कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के सम्बन्ध में व्यापक जानकारी दी जाए तथा महिला लाभार्थियों योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अथवा बालिका को चिन्हित कर सम्मानित किया जाए। ग्राम पंचायतों से समन्वय स्थापित कर महिलाओं को जागरूक करने के साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।

अखिलेश सिंह ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुये कहा कि आनलाईन कक्षाओं के दौरान छात्रों को महिला सशक्तिकरण, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन की जानकारी दी जाए। इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराने वाली महिलाओं की कहानियों एवं स्मरणों की भी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जाये।

जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि खण्ड विकास स्तर पर महिला प्रगतिशील किसानों की गोष्ठी आयोजित कराकर उन्हें सम्मानित भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। महिला किसानों को किस प्रकार योजनाओं का लाभ मिल सकता है, यदि संभव हो तो गोष्ठी में ही औपचारिकता पूरी की जाए।

उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला विरासत के सभी प्रकरणों को अभियान चलाकर पूरा किया जाए। पति की मृत्यु के उपरांत उनकी पत्नी का नाम विरासत के रूप में दर्ज कराया जाए।

डीएम अखिलेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने यहां आयोजित कार्यक्रमों की सम्पूर्ण जानकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा कार्यक्रम के नोडल अधिकारी को भी उपलब्ध कराते रहें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

epmty
epmty
Top