जिला बार संघ का ऐतिहासिक चुनाव-कलीराम बने पहले दलित अध्यक्ष

जिला बार संघ का ऐतिहासिक चुनाव-कलीराम बने पहले दलित अध्यक्ष

मुजफ्फरनगर। जिला बार संघ मुजफ्फरनगर की वर्ष 2020-21 की कार्यकारिणी के चुनाव हेतु आज गुरूवार को हुई मतगणना के बाद देर रात परिणाम घोषित किये गये। इस चुनाव में नया इतिहास बार संघ में रचा गया। बार में पहली बार अध्यक्ष पद पर अधिवक्ताओं ने दलित वर्ग के प्रत्याशी को चुना और कलीराम विवादों और अर्द्धसैनिक बलों की उपस्थिति के साथ साथ बार कौंसिल ऑफ इंडिया की निगरानी में हुए इस चुनाव में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसके अलावा उनके पैनल के ही अरूण कुमार शर्मा बार के महासचिव चुने गये। इस चुनाव में पूर्व महासचिव प्रदीप कुमार मलिक के ग्रुप के प्रत्याशियों का पूरा दबदबा बना रहा। 21 सदस्यीय पदों की इस कार्यकारिणी के चुनाव में अध्यक्ष, महासचिव सहित 18 पदों पर प्रदीप मलिक एडवोकेट के ग्रुप के प्रत्याशियों ने बड़ी जीत दर्ज की।

बता दें कि जिला बार संघ की नवीन कार्यकारिणी का चुनाव अप्रैल महीने में कराया जाता रहा है, लेकिन इस बार संघ में वित्तीय मामलों को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद बार कौंसिल ऑफ इंडिया के साथ ही हाईकोर्ट तक चली लड़ाई, विवाद और कोरोना संकट काल के कारण यह चुनाव लगातार टलते रहे। अब सात महीने बाद बार कौंसिल ऑफ इंडिया की निगरानी और अद्धसैनिक बल की सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला बार संघ की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए चुनाव सम्पन्न कराया गया। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए अनिल जिंदल, प्रमोद त्यागी, राजेश्वर दत्त त्यागी और कलीराम के बीच मुकाबला तय हुआ। अन्य पदों पर भी इन लोगों ने अपने पैनल के प्रत्याशियों को उतारा और मजबूत दावेदारी पेश की। इसके लिए एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अब्दुल रऊफ, सदस्य सुरेन्द्र पाल, बार कौंसिल के प्रतिनिधि शिव कुमार गौड, मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद प्रकाश त्यागी की निगरानी में बुधवार को मतदान हुआ। कुल 1740 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। गुरूवार को सवेरे 8 बजे से मतों की गिनती शुरू कराई गई थी। यह मतगणना देर रात तक चलती रही। परिणाम आये तो इतिहास ही रच दिया गया।

जिला बार संघ के इतिहास में पहली बार दलित वर्ग से अध्यक्ष निर्वाचित हुआ है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद प्रकाश त्यागी ने परिणाम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कुल 1740 मतों में से अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन में कलीराम 618 मत प्राप्त कर विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटवर्ती प्रतिद्वंद्वी अनिल जिंदल को 91 मतों के अंतर से पराजित किया। अनिल जिंदल को 527 मत मिले। जबकि अध्यक्ष पद पर लड़े प्रमोद त्यागी को 502 और राजेश्वर दत्त त्यागी को 84 वोट मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रफीउल्लाह खान 624 मत लेकर विजयी रहे। जबकि देवेंद्र कुमार कैल-235, लक्ष्मीनारायण शर्मा -360 और योगेंद्र सहरावत-426 प्राप्त कर पाये। महासचिव पद पर कलीराम के पैनल से ही अरुण शर्मा-663 वोट लेकर विजयी हुए। वह शुरूआत से ही बढत बनाये हुए थे। उन्होंने चंद्रपाल सिंह सिरोही को पराजित किया। चंद्रपाल को-465 वोट मिले। जबकि अन्य प्रत्याशियों में गुलबीर वर्मा -418 और इनाम इलाही त्यागी-164 वोट हासिल कर पाये। कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में पवन कुमार राणा ने 593 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वियों में आशुतोष शर्मा -561 और रेणु शर्मा -499 वोट ही प्राप्त कर पाये।

चुनाव परिणाम की घोषणा होने के बाद सर्द रात में ही कचहरी में जश्न मनाया गया। विजयी प्रत्याशियों को अधिवक्ताओं के साथ ही एल्डर्स कमेटी और चुनाव अधिकारियों ने जीत की बधाई दी। इस दौरान कचहरी में भारी सुरक्षा व्यवस्था रही। अध्यक्ष कलीराम और महासचिव अरूण कुमार शर्मा ने अधिवक्ताओं, एल्डर्स कमेटी और चुनाव अधिकारियों का आभार जताया और विश्वास दिलाया कि वह बार के हितों को लेकर कार्य करेंगे और बार व बेंच के बीच और भी मधुर संबंध बनाया जायेगा।

epmty
epmty
Top