युवाओं का भविष्य संवारने वाले उपचुनाव- पूर्व CM

युवाओं का भविष्य संवारने वाले उपचुनाव- पूर्व CM

ग्वालियर। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में प्रदेश के युवाओं को भविष्य अंधकार में है, इसलिए यह उपचुनाव प्रदेश के युवाओं का भविष्य संवारने वाला चुनाव है।

कमलनाथ ने ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी सतीश सिकरवार के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारे सामने युवाओं के भविष्य की चुनौती है, भाजपा सरकार में युवाओं का भविष्य अंधेरे में है, यही युवा मध्यप्रदेश का नव निर्माण करेंगे, इनका भविष्य कैसे सुरक्षित रहे, इसका हमें आज फैसला करना है।

उन्होंने कहा कि 15 वर्षो तक प्रदेश में भाजपा की सरकार रही जिसमें कुछ हुआ तो सबसे ज्यादा मजदूरों का उत्पादन वाला प्रदेश बना, जितने उद्योग लगे नहीं, उससे ज्यादा बंद हो गए। उन्होंने कहा कि आज हमें उन लोगों को पहचानना होगा जिनके कारण ग्वालियर-चंबल विकास की दृष्टि से पिछड़ा है, इसके जिम्मेदार कौन लोग हैं। 15 वर्ष भाजपा सरकार रही, लेकिन यह क्षेत्र विकास की दृष्टि से पिछड गया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में मध्यप्रदेश की पहचान माफिया-मिलावटखोरों से थी, जिसके कारण कोई औद्योगिकरण नहीं हुआ। पांच प्रदेशों से हमारा प्रदेश घिरे रहने के बाद भी मैन्युफैक्चरिंग का केंद्र नहीं बन सका। कृषि क्षेत्र का विकास नहीं हुआ। आज हमें प्रदेश का नवनिर्माण करना है, जिससे कृषि क्षेत्र में मजबूत आ सके, किसानों को न्याय मिले, उन्हें उनकी उपज का सही मूल्य मिले।

सभा को राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, आचार्य प्रमोद कृष्णन, कांग्रेस प्रत्याशी सतीश सिकरवार आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर मंच पर सांसद नकुलनाथ, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, लखन सिंह यादव, रामनिवास रावत, अशोक सिंह, देवेंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।

वार्ता

epmty
epmty
Top